By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026
शिरीष बी प्रधान काठमांडू, 31 अगस्त चीन ने नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के पीड़ितों के लिए 22 लाख अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता दी है और राष्ट्रपति शी चिनफिंग तथा प्रधानमंत्री ली क्विंग ने इस आपदा में जान-माल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है। नेपाल सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी। नेपाल में चीन के राजदूत झांग माओमिंग ने रविवार को वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले को चीनी सरकार की ओर से 35 करोड़ नेपाली रुपये (20 लाख अमेरिकी डॉलर) की सहायता का चेक सौंपा।
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 903 हो गई, जबकि शवों की बरामदगी जारी है। इस आपदा के बाद करीब 4,250 लोग अब भी लापता हैं। माना जा रहा है कि 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के ढहने या हिमस्खलन के कारण अचानक बाढ़ आई।
इससे उत्तरी और मध्य नेपाल के शहरों तथा गांवों में भारी तबाही हुई। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी में बाढ़ का पानी आने से घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए तथा पनबिजली परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा। चीनी मीडिया की खबरों के अनुसार, इस आपदा में चीन की ओर भी 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में करीब 550 लोग अब भी लापता हैं।