By अभिनय आकाश | Aug 31, 2022
पूर्वी लद्दाख जहां चीन और भारत एलएसी के बहुत करीब दोनों तरफ से नजरें गड़ाए बैठे हैं। पैंगोंग लेक से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। इस इलाके की सैटेलाइट तस्वीरों से कई चौंकाने वाली बात सामने आई हैं। चीन पैंगोंग झील के पास अवैध निर्माण कर रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि चीन एलएसी के पास नई सड़कें, पुल और टॉवर्स बना रहा है। इनमें से ज्यादातर निर्माण उस इलाके में किया जा रहा है जिसे चीन ने 60 साल पहले अवैध रूप से कब्जा कर लिया था।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास विवादित पैंगोंग त्सो में चीन इंफ्रास्ट्रक्चर को को विकसित कर रहा है। कई जगहों पर नई चौड़ी सड़कों का ब्लैकटॉपिंग शुरू हो गया है। नया निर्माण ढील के दक्षिणी किनारे को रुटोंग में उत्तरी किनारे से जोड़ेगा जहां चीनी सेना तैनात रहती है। चीन द्वारा बनाए जा रहे पुल के बीच में 15 मीटर का गैप भी देखने को मिला है। ये गैप चल रहे निर्माण के बावजूद भी नहीं भरा गया है।
ठीक दो साल पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने चीनियों की धीमी प्रतिक्रिया का फायदा उठाते हुए एक आश्चर्यजनक ऑपरेशन को अंजाम दिया। जिसके परिणामस्वरूप कैलाश की टॉप पोस्ट पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया था। कई गतिरोध वाले स्थानों से आंशिक रूप से डिसइंगेजमेंट के बाद चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त कर उन कमियों पर काम करने में लगा है। अब चीन झील पर एक पुल का निर्माण कर रहा है. इसके साथ-साथ यहां इलेक्ट्रॉनिक बुनियादी ढांचा भी मजबूत कर रहा है।