आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान के साथ खड़ा हुआ चीन, भारत के प्रस्ताव पर लगाया अड़ंगा

By अंकित सिंह | Jun 17, 2022

चाहे कोई भी मुद्दा हो चीन हमेशा पाकिस्तान के साथ खड़ा रहता है। जबकि भारत के विरोध में वह अक्सर दिखाई दे जाता है। चीन ने एक बार फिर से पाकिस्तान और उसके आतंकवादियों का संयुक्त राष्ट्र में समर्थन कर दिया है। यह कहीं ना कहीं भारत के खिलाफ चीन की साजिश को बेनकाब करता है। दरअसल, पाकिस्तानी आतंकवादी अब्दुल रहमान मक्की को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंधित सूची में शामिल करने के भारत और अमेरिका एक संयुक्त प्रस्ताव लाया गया था। हालांकि, चीन ने आखिरी क्षणों में इसे बाधित कर दिया। दरअसल, भारत और अमेरिका ने सुरक्षा परिषद की अल कायदा प्रतिबंध समिति के तहत मक्की को एक वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने का संयुक्त प्रस्ताव पेश किया था। लेकिन चीन ने पाकिस्तानी आतंकवादी का समर्थन कर दिया। मक्की कोई छोटा मोटा आतंकवादी नहीं है, बल्कि लश्कर-ए-तैयबा के सरगना और 26/11 मुंबई हमलों के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद का रिश्तेदार है। मक्की को अमेरिका ने बहुत पहले ही आतंकवादी घोषित कर दिया था। 

इसे भी पढ़ें: कौन है आतंकवादी अब्दुल रहमान मक्की जिसे चीन बार-बार बचा रहा, यूएन की काली सूची में डालने का हो रहा प्रयास

चीन की दोगली नीति

इसमें कोई दो राय नहीं है कि भारत से तगड़ा जवाब मिलने के बावजूद भी चीन हमारे देश के खिलाफ साजिशें रच का रहता है। भारत और चीन के रिश्तों में तनाव 2020 की गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद से बढ़ गए हैं। भारत के सेना ने चीन को मुंहतोड़ जवाब भी दिया था। बावजूद इसके चीन मानने को तैयार नहीं है। अभी भी खबर यह है कि एलएसी पर चीन लगातार निर्माण कार्य कर रहा है। हालांकि इसको लेकर भारत विरोध जताता रहता है। भारत की ओर से तो साफ तौर पर यह कह दिया गया है कि चीन की हर गतिविधि पर उसकी नजर रहती है। वहीं, चीन लगातार अच्छे संबंध बनाए रखने का राग अलापता तो है लेकिन उसके रास्ते अक्सर भारत विरोधी हो जाते हैं। हाल में ही चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंगे ने कहा था कि चीन एवं भारत पड़ोसी हैं और आपस में अच्छे संबंध बनाए रखना दोनों देशों के हितों को पूरा करता है तथा दोनों देश वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर शांति के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: सीमा पर बने हालात, भारत-चीन के संबंधों में प्रतिबिंबित होंगे : जयशंकर

ब्रिक्स की बैठक 

इन सबके बीच ब्रिक्स की बैठक में एक बार फिर से चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आमने-सामने होंगे। दरअसल, हाल में ही ब्रिक्स के सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की एक बैठक हुई थी जिसमें बहुपक्षवाद एवं वैश्विक शासन को मजबूत करने जैसे मुद्दों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े नये खतरों और चुनौतियों से निपटने को लेकर आम सहमति जताई गई थी। इसके बाद यह भी खबर निकल कर आई है कि 14 वां शिखर सम्मेलन 23 जून को बीजिंग में डिजिटल माध्यम से आयोजित किया जाएगा। ब्रिक्स देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल है। चीन इस बार ब्रिक्स का अध्यक्ष है। यही कारण है कि इस बार के ब्रिक्स की अध्यक्षता शी जिनपिंग करेंगे। शिखर सम्मेलन का विषय ‘‘उच्च गुणवत्ता वाली ब्रिक्स साझेदारी को बढ़ावा देना, वैश्विक विकास के लिए एक नए युग की शुरुआत’’ है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील एवं दक्षिण अफ्रीका के नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने की उम्मीद है।

- अंकित सिंह

प्रमुख खबरें

मानसून में Transparent Top न बन जाए Fashion Blunder, इन 3 Tricks से पाएं Glamorous Look

Punjab Congress में सुलह की कोशिशें तेज, Baghel कल Channi से मिलेंगे

Ethanol Blended Petrol के बारे में Ministry of Petroleum and Natural Gas ने दिए तमाम सवालों के जवाब

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे मजबूत होकर 95.33 के स्तर पर बंद हुआ