By निधि अविनाश | Jan 16, 2022
बीजिंग में शीतकालीन ओलंपिक खेलों का आगमन होने वाला है लेकिन उससे पहले ही ओमिक्रोन का पहला मामला सामने आ गया है। इसकी जानकारी स्थानीय मीडिया में दी गयी है। संक्रमित व्यक्ति शहर के हेदियान के उत्तरी पश्चिमी जिले में रहता है। हालांकि वह पिछले दो हफ्तों से बीजिंग से बाहर नहीं गया है।संक्रमण की यह खबर शीतकालीन ओलंपिक खेलों के शुरू होने से तीन हफ्ते से भी कम समय पहले आयी है जिसका उद्घाटन चार फरवरी को होगा। चीन में अभी तक कई शहरों में ओमिक्रोन संक्रमण की खबरें आयी हैं लेकिन शीतकालीन ओलंपिक खेलों को लेकर बीजिंग में काफी सख्ती बरती जा रही है।
शीतकालीन ओलंपिक तोक्यों खेलों से भी ज्यादा सख्त होने वाले है। प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा जाएगा। 4 फरवरी से शुरू होने वाले इन खेलों के बीच चीन के कई शहरों में 20 मिलियन से अधिक लोग लॉकडाउन में हैं।
एथलीटों और टीम के कर्मचारियों और मीडिया सहित अन्य प्रतिभागियों को 21 दिन क्वारांटाइन में रहना होगा। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को अपनी कोरोना की नेगिटिव रिपोर्ट भी देनी होगी। इस बीच आयोजकों का कहना है कि, अगर कोई एथलीट या प्रतिभागी कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है लेकिन कोई लक्षण नजर नहीं आते है तो उन्हें आइसोलेशन में जाना होगा। इस बीच इन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाएगा और ताजी हवा के लिए वह होटल की खिड़कियां भी खोल सकते हैं। लेकिन कोई भी कमरे से बाहर नहीं जा पाएगा। इसके अलावा खिलाड़ी फिटनेस उपकरण का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बिना लक्षण वाले लोग दो दिन के निगेटिव टेस्ट के बाद आइसोलेशन छोड़ सकते हैं।