By अनुराग गुप्ता | Jan 27, 2022
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश से लापता हुए 19 वर्षीय मिराम तारोन को पड़ोसी मुल्क चीन ने गुरुवार को भारतीय सेना को सौंप दिया है। आपको बता दें कि चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने अरुणाचल प्रदेश के वाचा दमाई में मिराम तारोन को भारतीय सेना को सौंप दिया। दरअसल, मिराम तारोन सियांग जिले से 18 जनवरी को लापता हो गया था। जिसके बाद भारतीय सेना ने चीनी सेना से संपर्क किया था और उस वक्त पता चला था कि मिराम तारोन गलती से चीनी क्षेत्र में दाखिल हो गया था जिसके बाद पीएलए ने उसे हिरासत में ले लिया था।
पहले भी लापता हो चुके हैं युवक
पीएलए ने सितंबर 2020 में अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले से पांच युवकों का अपहरण कर लिया था और लगभग एक सप्ताह के बाद उन्हें रिहा कर दिया था। हालांकि ताजा मामला ऐसे समय का है जब पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को लेकर भारत और चीन की सेनाएं आमने-सामने हैं।