Chintpurni Temple: सुगम दर्शन में अनियमितता की जांच के लिए बनी 3 सदस्यीय समिति

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 31, 2026

ऊना जिले में स्थित प्रसिद्ध चिंतपूर्णी मंदिर की ‘सुगम दर्शन’ व्यवस्था में अनियमितताओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ‘सुगम दर्शन’ मंदिर में दर्शन के लिए त्वरित और आसान प्रवेश प्रदान करने के उद्देश्य से आठ अगस्त 2023 को शुरू की गई एक सशुल्क व्यवस्था है जिसके तहत विशेष सेवा शुल्क, समिति समूह और यात्रा सहायता की सुविधाएं दी जाती हैं।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच के लिए मंदिर के न्यास ने ऊना के अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है और ‘सुगम दर्शन’ व्यवस्था का संचालन करने वाले पुराने कर्मचारियों की जगह नयी टीम तैनात कर दी है। समिति को तथ्यों का सत्यापन करने, जवाबदेही तय करने और आवश्यक सिफारिशों के साथ सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। माता चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट के सहायक आयुक्त एवं अंब के एसडीएम पारस अग्रवाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ‘सुगम दर्शन’ व्यवस्था में तकनीकी सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

अग्रवाल ने बताया कि अगस्त 2023 में इस व्यवस्था की शुरुआत से लेकर अब तक इसके माध्यम से 12 करोड़ रुपये से अधिक का सेवा शुल्क एकत्र किया गया है, जिसका उपयोग श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विकास और जन कल्याणकारी पहलों में किया जा रहा है। ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि ‘सुगम दर्शन’ पास के लिए लिया जाने वाला शुल्क मंदिर का दान या चढ़ावा नहीं है, बल्कि यह सुविधा प्रदान करने के लिए निर्धारित एक सेवा शुल्क है। मंदिर के चढ़ावे के लिए अलग खाते रखे जाते हैं, जो सेवा शुल्क से बिल्कुल अलग हैं।

प्रमुख खबरें

Jammu-Srinagar Highway पर वाहनों की आवाजाही बंद, उधमपुर और बनिहाल के बीच काम शुरू

Rajasthan Police ने Kanwar Yatra के लिए जारी किए विशेष दिशा-निर्देश, सतर्कता पर दिया जोर

Pakistan के Broad Peak पर हिमस्खलन के बाद Nirmal Purja समेत 10 पर्वतारोही लापता

Bengaluru में PM Modi के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्र पर नकाबपोशों ने किया हमला