पासवान ने कहा NDA नाजुक मोड़ पर, कुशवाहा बोले तुम्हारा भी मेरे जैसा हश्र होगा

By नीरज कुमार दुबे | Dec 19, 2018

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है। लोकजनशक्ति पार्टी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार में लोकसभा की सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर कहा है कि भाजपा को अपने सहयोगियों की चिंता को दूर करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं और भाजपा तथा जनता दल युनाइटेड ने इस बात की घोषणा की है कि वह दोनों बराबर संख्या की सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

इसे भी पढ़ें- कोई जरूरी नहीं स्टालिन की राय जैसी ही गठबंधन की भी राय हो: अखिलेश

इससे पहले, लोजपा ने मंगलवार को कहा कि तेलुगूदेशम पार्टी व रालोसपा के राजग से अलग हो जाने के बाद यह गठबंधन नाज़ुक मोड़ से गुज़र रहा है, ऐसे समय में भाजपा गठबंधन में फ़िलहाल बचे हुए साथियों की चिंताओं को समय रहते सम्मान पूर्वक तरीक़े से दूर करे। पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की अध्यक्षता वाली रालोसपा के पिछले दिनों राजग से बाहर निकलने के बाद बिहार में भाजपा नेतृत्व वाले इस गठबंधन में अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और लोजपा बची हैं।

लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और जमुई से सांसद चिराग पासवान ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘टी॰डी॰पी॰ व रालोसपा के राजग गठबंधन से जाने के बाद यह नाज़ुक मोड़ से गुज़र रहा है। ऐसे समय में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन में फ़िलहाल बचे हुए साथियों की चिंताओं को समय रहते सम्मान पूर्वक तरीक़े से दूर करे।’’

चिराग ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छा कर रहे हैं और उन्हें तीन राज्यों में जीत भी मिली है लेकिन उन्हें ज्यादा उत्साहित नहीं होना चाहिए क्योंकि तीनों ही राज्यों में वह बहुत कम अंतर से चुनाव जीते हैं।

उल्लेखनीय है कि पांच राज्यों के आए चुनाव परिणाम पर भाजपा को परोक्ष रूप से नसीहत देते हुए गत 13 दिसंबर को चिराग ने कहा था कि राजग का एजेंडा हमेशा विकास रहा है पर इस पर राम मंदिर, हनुमान को लेकर विवादित बयान के हावी होने पर जनता भी कहीं न कहीं इससे दिग्भ्रमित होती है और निराश होती है क्योंकि वे आपसे इस तरह की उम्मीद नहीं करते। उन्होंने कहा था कि गलती से जो चोट (पांच राज्यों के आए चुनाव परिणाम से) लगी है, वो आने वाले लोकसभा चुनाव में हमें और सतर्क करेगी।

लोजपा जो कि पहले कांग्रेस की अगुआई वाले संप्रग में थी, 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले राजग में शामिल हो गई थी और उसने बिहार में सात सीटों में से छह सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया। पिछले साल नीतीश के राजग में शामिल होने पर लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस को राज्य सरकार में मंत्री बनाया गया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता वाली टीडीपी तेलंगाना के अलग होने के बाद आंध्र प्रदेश को विशेष सहायता नहीं मिलने पर राजग से अलग हो गयी थी।

प्रमुख खबरें

Jamshedpur में सड़क हादसे में मंत्री Deepika Pandey Singh की बेटी समेत 4 की मौत

Asian Games 2026: 25 सितंबर को ट्रैक, कोर्ट और रिंग में उतरेगा भारत, देखें पूरा शेड्यूल

Bihar Govt ने बोर्ड व आयोगों के अध्यक्षों का वेतन बढ़ाकर 65000 रुपये किया

Federal Judge के आदेश के बाद White House में CNN और MS Now पत्रकारों की वापसी