लूटकर भागने का युग खत्म, Mehul Choksi को जल्द लाया जा सकता है भारत, जेल व्यवस्था को लेकर बेल्जियम को दी गई जानकारी

By नीरज कुमार दुबे | Sep 08, 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार यह कह चुके हैं कि “जिसने भी देश को लूटा है, उसे लौटाना ही होगा।” यह केवल एक राजनीतिक नारा नहीं बल्कि भारत की नई कार्यशैली का प्रतीक बन चुका है। पीएनबी घोटाले का आरोपी मेहुल चोकसी का संभावित प्रत्यर्पण इसी दृष्टि से अहम है। देखा जाये तो देश की न्यायिक प्रक्रिया और कूटनीतिक सक्रियता से यह साफ हो गया है कि अब कोई भी आर्थिक अपराधी यह सोचकर विदेश भाग नहीं सकता कि वह हमेशा के लिए सुरक्षित हो जाएगा। पहले ऐसे मामलों में वर्षों की देरी और कानूनी पेचीदगियाँ अपराधियों के पक्ष में चली जाती थीं, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है।

इसे भी पढ़ें: भगोड़े Mehul Choksi पर भारत का शिकंजा कसा, बेल्जियम को दिया जेल का ब्योरा

हम आपको बता दें कि बेल्जियम में गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण के लिए लगातार प्रयासरत है। बताया जा रहा है कि गृह मंत्रालय ने हाल ही में बेल्जियम सरकार को लिखित आश्वासन दिया है कि भारत में मेहुल चोकसी को हिरासत में रखने की व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगी। देखा जाये तो यह कदम केवल एक भगोड़े को वापस लाने का प्रयास नहीं, बल्कि भारत की न्यायिक साख और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं की एक बड़ी परीक्षा है।

हम आपको बता दें कि विदेशी अदालतों में प्रत्यर्पण की सबसे बड़ी बाधा हमेशा से मानवाधिकारों से जुड़ी आशंकाएँ रही हैं। पश्चिमी देश इस बात पर विशेष ज़ोर देते हैं कि अभियुक्त को कहीं भी अमानवीय या अपमानजनक स्थिति का सामना न करना पड़े। भारत सरकार ने इसी चुनौती को भांपते हुए मुंबई की आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर 12 का विस्तृत ब्योरा बेल्जियम को भेजा है। इसमें बंदियों के लिए पर्याप्त जगह, साफ-सुथरी व्यवस्था और शौचालय की सुविधा है। साथ ही दिन में तीन बार संतुलित भोजन और कैंटीन से फल-स्नैक्स का विकल्प भी मौजूद है। इसके अलावा, योग, ध्यान, खेल और पुस्तकालय जैसी गतिविधियाँ भी हैं। साथ ही 20 बिस्तरों वाला जेल अस्पताल तथा आपात स्थिति में बड़े अस्पताल का विकल्प भी है। साथ ही CCTV निगरानी, मानवाधिकार आयोग की जांच और न्यायिक पर्यवेक्षण है। इन बिंदुओं से यह स्पष्ट है कि भारत ने हर उस सवाल का जवाब पहले ही तैयार कर लिया है, जिसे लेकर विदेशी अदालतें शंका जता सकती थीं।

हम आपको बता दें कि मेहुल चोकसी और नीरव मोदी पर 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। यदि चोकसी भारत लौटता है तो यह उन लाखों लोगों के लिए उम्मीद की किरण होगी जिनका धन इस घोटाले में फंसा। लेकिन इस पूरी कवायद का अर्थ केवल एक अपराधी को सज़ा दिलाना भर नहीं है। भारत यह दिखाना चाहता है कि उसकी न्यायिक और कारागार प्रणाली वैश्विक मानकों पर खरा उतर सकती है। इसके अलावा, लंबे समय तक यह धारणा रही कि बड़े आर्थिक अपराधियों पर भारत का शिकंजा ढीला पड़ जाता है। यह कदम उस धारणा को तोड़ने का प्रयास है। हालांकि यहां सवाल यह भी है कि क्या भारत की सभी जेलें इसी स्तर पर सुधारी जा सकती हैं या यह विशेष व्यवस्था केवल “उच्च प्रोफ़ाइल” मामलों तक सीमित रहेगी।

बहरहाल, मेहुल चोकसी का प्रत्यर्पण भारत के लिए केवल कानूनी जीत नहीं होगी, बल्कि यह एक प्रतीक होगा कि न कोई इतना बड़ा है कि कानून से बच सके और न कोई इतना ताकतवर कि न्याय को चुनौती दे सके। यदि बेल्जियम की अदालत भारत के आश्वासनों से संतुष्ट होती है और चोकसी को भारत भेजा जाता है, तो यह कदम न केवल आर्थिक अपराधियों के लिए चेतावनी होगा, बल्कि यह भी साबित करेगा कि भारत अब अपनी न्याय व्यवस्था को लेकर किसी तरह की शंका या संदेह की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता।

प्रमुख खबरें

Lords ODI में Rohit Sharma की फॉर्म और कप्तानी का टेस्ट, Series जीतने के लिए England से बड़ी टक्कर

FIFA World Cup Final: संन्यास की अटकलों पर Lionel Messi का करारा जवाब, Argentina की लगातार दूसरी जीत पर पूरा Focus

FIFA World Cup Final के बहाने Trade और कूटनीति साधेंगे Donald Trump, Sheinbaum और Mark Carney

Japan Open में PV Sindhu ने रचा इतिहास, Akane Yamaguchi को मात देकर खिताब जीतने वाली पहली Indian बनीं