कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार का फैसला, क्रिसमस और नववर्ष पर नहीं होंगी पार्टियां

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 24, 2020

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के प्रसार को रोकने के लिए क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर सार्वजनिक पार्टियों पर रोक लगाई गई है। राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन कांग्रेस द्वारा इस संबंध में उठाए गए एक सवाल का जवाब देते हुए संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने हालांकि स्पष्ट किया कि इस दौरान पर्यटकों के आने और होटलों में ठहरने या कहीं भी घूमने पर कहीं कोई रोक नहीं है। कौशिक ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने की जिम्मेदारी भी सरकार की है और कुछ चीजों पर छूट नहीं दी जा सकती। 

उन्होंने कहा कि जिन पर्यटकों ने होटलों में अपनी बुकिंग कराई हैं, वे आराम से यहां आकर ठहर सकते हैं और जहां चाहे घूमने जा सकते हैं। इससे पहले, कांग्रेस सदस्य प्रीतम सिंह ने कहा कि महामारी के कारण होटल, रेस्तरां और ढाबों की स्थिति पहले से ही दयनीय है जबकि क्रिसमस और नववर्ष पर पार्टियों के आयोजन पर रोक के प्रशासन के आदेश से उन्हें और नुकसान होगा। 

इसे भी पढ़ें: ब्रिटेन से लौटे दो संक्रमितों के चले जाने की खबर पर हवाई अड्डे के अधिकारियों से करूंगा बात: सत्येंद्र जैन 

उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार के पर्यटन मंत्री पर्यटकों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण देते हैं और दूसरी ओर प्रशासन क्रिसमस और नववर्ष की पार्टियों पर रोक का आदेश जारी करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मसले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। देहरादून जिला प्रशासन ने देहरादून और मसूरी समेत पूरे जिले में क्रिसमस और नववर्ष पर होटलों, बार, रेस्तरां और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक कार्यक्रम एवं पार्टियों के आयोजन पर रोक लगा दी है।

प्रमुख खबरें

PDP ने ठुकराया NC का न्योता, Mehbooba बोलीं- Statehood नहीं, Article 370 बहाली मुख्य मुद्दा

Yes Milord: ब्रेस्ट दबाना, सलवार उतारना...रेप की कोशिश नहीं, HC के इतना कहते ही भड़क गए CJI

Bulandshahr से CM Yogi की हुंकार: न कर्फ्यू, न दंगा, अब UP में सब चंगा

जंतर-मंतर पर NEET Protest के बीच Abhijit Dipke पर फेंकी स्याही, मचा हंगामा