Lok Sabha Election : बठिंडा सीट पर कांटे की टक्कर, चौथी बार चुनाव लड़ रहीं हरसिमरत कौर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 26, 2024

चंडीगढ़। तीन बार की सांसद और अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल बठिंडा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार चुनाव मैदान में हैं और वह अपनी उपलब्धियों के तौर पर क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), एक केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना और अन्य परियोजनाओं का जिक्र कर रही हैं। हरसिमरत अपने दिवंगत ससुर और पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल का जिक्र करते हुए मतदाताओं को याद दिला रही हैं कि वह उनकी परेशानियों का समाधान करने के लिए उनके बीच रहते थे। बठिंडा संसदीय क्षेत्र में एक जून को मतदान होना है। 

हरसिमरत (57) ने 2009 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था। तब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के बेटे रनिंदर सिंह को 1.20 लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था। लोकसभा चुनाव 2014 में उन्होंने अपने पति के चचेरे भाई मनप्रीत सिंह बादल को 19,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया था। लोकसभा चुनाव 2019 में हरसिमरत ने कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वाडिंग को 21,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया। अपने निर्वाचन क्षेत्र के संगत मंडी में अपने हालिया चुनाव अभियान के दौरान हरसिमरत ने पूर्ववर्ती शिरोमणि अकाली दल (शिअद) सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में बात की। उन्होंने कांग्रेस और आप पर विकास कार्य नहीं कराने को लेकर निशाना साधा। 

इसे भी पढ़ें: Delhi : कुछ मतदाताओं ने मतदाता सूची में नाम गायब होने की शिकायत की

उन्होंने लोगों से कहा कि वे काम के आधार पर वोट दें और प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों के झूठे वादों से प्रभावित न हों। अपने निर्वाचन क्षेत्र में परियोजनाएं लाने पर हरसिमरत ने कहा, जब आपने (लोगों ने) मुझे पहली बार सांसद बनाया तो एक बड़ा कारखाना (बठिंडा रिफाइनरी) आया। आपने मुझे दूसरी बार मौका दिया तो बठिंडा में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय बना।जब आपने मुझे तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया तो पंजाब का सबसे बड़ा अस्पताल एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) यहां लाया गया। उन्होंने बठिंडा में शताब्दी ट्रेन सेवा शुरू करने, घरेलू हवाई अड्डा और सड़कों का जाल बिछाने के बारे में भी बात की। विरोधी दलों पर हमला करते हुए सांसद ने कहा कि पिछले सात वर्षों (कांग्रेस के पांच साल और आप के दो साल) के दौरान पंजाब में कोई विकास नहीं हुआ।

प्रमुख खबरें

US Presidential Election 2028 | राष्ट्रपति चुनाव के लिए जेडी वेंस को समर्थन देने पर डोनाल्ड ट्रंप का टालमटोल, कहा- अभी बहुत जल्दी है

BJP के प्रमुख रणनीतिकार Amit Shah का 62वां जन्मदिन, RSS से Union Cabinet तक का सफर

वैश्विक दबाव में Sensex 678 अंक लुढ़का, Nifty भी 22,568 पर फिसला

शेयर बाजार में गिरावट और कच्चे तेल के दबाव से Rupee 12 पैसे फिसला, 94.50 प्रति डॉलर पर