By अभिनय आकाश | Apr 18, 2025
पंजाब सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत खडूर साहिब के सांसद और कट्टरपंथी सिख नेता अमृतपाल सिंह की नजरबंदी को एक और साल के लिए बढ़ाने जा रही है। पंजाब सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में बताया कि इस संबंध में 32 वर्षीय एनएसए बंदी को नोटिस जारी किया जा रहा है, जो अप्रैल 2023 से असम के डिब्रूगढ़ की जेल में बंद है। नाम न बताने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के बीच विचार-विमर्श के बाद अमृतपाल की हिरासत बढ़ाने का फैसला लिया गया।
पंजाब सरकार ने पुलिस हिरासत में बंद नौ आरोपियों की एनएसए हिरासत को नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। वे हैं बसंत सिंह, भगवंत सिंह बाजेखाना, गुरुमीत सिंह बुक्कनवाला, सरबजीत कलसी, गुरिंदर पाल सिंह, हरजीत सिंह, कुलवंत सिंह, पप्पलप्रीत सिंह और वरिंदरपाल जोहल।