By अनुराग गुप्ता | Mar 30, 2022
नयी दिल्ली। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर प्रदर्शन किया है। इस बीच युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के गेट पर पेंट छिड़कर हंगामा शुरू कर दिया। जिन्हें रोकने के लिए दिल्ली पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। आम आदमी पार्टी ने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का वीडियो भी साझा किया है।
आम आदमी पार्टी ने वीडियो साझा करते हुए ट्वीट में लिखा कि पंजाब में AAP की जीत से बौखलाई भाजपा, दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर किया मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जानलेवा हमला, भाजपा इतनी बौखला गई है कि केजरीवाल जी की हत्या की साज़िश रच रही है। भाजपा को डर है कि केवल केजरीवाल ही प्रधानमंत्री मोदी को टक्कर दे सकते हैं इसलिए उन्हें जान से मारना चाहती है।
भाजपा पर बरसे सिसोदिया
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में भाजपा के गुंडों ने अरविंद केजरीवाल के घर पर पहुंचकर उनके घर के सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा बैरियर तौड़े। सोची समझी साजिश के साथ अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ है। भाजपा अरविंद केजरीवाल की हत्या कर उनको खत्म करने की कोशिश कर रही है।
इस दौरान मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने कथित हमले को रोकने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के गुंडों ने सबकुछ पुलिसवालों की मौजदूगी में किया।