By अभिनय आकाश | Mar 12, 2025
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज अजय टम्टा द्वारा यहां एक सुंदर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोग एक-दूसरे से मिले। मैं अजय टम्टा को इस आयोजन के लिए बधाई देता हूं। होली और जुम्मा एक ही दिन पड़ने पर उन्होंने कहा कि हमारा राज्य ऐसा है जहां लोग प्यार से रहते हैं। लोगों में भाईचारा और प्यार है। सभी अपना त्योहार मनाएंगे। कहीं कोई समस्या नहीं होगी। जो लोग कानून-व्यवस्था में विश्वास करते हैं, वे कभी किसी को परेशान नहीं करेंगे। सीएम धामी ने सभी प्रदेशवासियों को हर्ष, उल्लास, उत्साह और रंगों से भरे होली के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में सांस्कृतिक एकता को मजबूत कर सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सभी को निरंतर प्रयास करने होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार देहरादून के प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न पार्कों के सौन्दर्यीकरण एवं उच्च गुणवत्तायुक्त अपशिष्ट प्रबन्धन व्यवस्था बनाने के लिए दो स्थानों पर मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किये गये हैं तथा वार्डों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन पर्यावरण मित्रों को स्वच्छता सेनानी सम्मान योजना के अन्तर्गत दस हजार रूपये प्रतिमाह से सम्मानित भी किया जा रहा है। सीएम धामी ने कहा कि नगर निगम द्वारा भवन कर भुगतान हेतु ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही वित्तीय मामलों में पारदर्शिता बनाये रखने के उद्देश्य से ई-कोष वेबसाईट तैयार की गई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में नगर निगम देहरादून को देश में 68वां स्थान तथा उत्तराखण्ड के समस्त नगर निगमों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष देहरादून की स्वच्छता रैंकिंग में और सुधार होगा।