CM Eknath Shinde ने रात भर अपनी पार्टी के सांसदों-विधायकों को समझाया, फिर सुबह दे दिया बड़ा बयान

By नीरज कुमार दुबे | Jul 06, 2023

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने पद से इस्तीफा देने की अटकलों के बीच कहा है कि ऐसी अटकलें उसी दिन से चल रही हैं जिस दिन मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में अजित पवार के शामिल होने के बाद शिवसेना विधायकों में कोई नाराजगी नहीं है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि अजित पवार के राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद हमारी सरकार और मजबूत हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष शिवसेना विधायकों में असंतोष होने की अफवाहें फैला रहा है।

इसे भी पढ़ें: अयोग्यता से बचने के लिए कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद सरकार में शामिल हुए: भुजबल

शिवसेना के नेताओं ने बताया कि शिंदे ने बुधवार रात अपने आधिकारिक निवास वर्षा में शिवसेना विधायकों, एमएलसी और सांसदों की बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक देर रात तक चली। शिवसेना नेताओं ने बताया कि शिंदे ने बैठक में कहा कि दो जुलाई को अजित पवार के सरकार में शामिल होने और आठ अन्य राकांपा नेताओं के साथ उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के घटनाक्रम की उन्हें जानकारी थी। पार्टी के एक सांसद ने कहा, ''बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जैसे संसद के साथ-साथ राज्य विधानमंडल का मानसून सत्र और पार्टी के संगठन को मजबूत करना।” पार्टी के एक अन्य सांसद ने कहा कि शिंदे से पूछा गया था कि क्या उन्हें राकांपा में अचानक हुए घटनाक्रम के बारे में पता था, जिस पर उन्होंने हां में जवाब दिया। सांसद ने कहा कि शिंदे ने बताया कि राजनीतिक घटनाक्रम बहुत तेज गति से हुआ, जिसके कारण शिवसेना के जनप्रतिनिधियों को उस बारे में पहले से सूचित नहीं किया जा सका। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा समूह के सत्तारुढ़ गठबंधन में शामिल होने से पार्टी जनप्रतिनिधियों को ही मदद मिलेगी। इस बैठक के बाद शिवसेना प्रवक्ता और विधायक संजय शिरसाट ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। यह सरकार मजबूती के साथ काम करते हुए अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उल्लेखनीय है कि अजित पवार खेमे से नौ मंत्रियों के शामिल होने के बाद, शिंदे-फडणवीस कैबिनेट में कुल 29 मंत्री हो गए हैं, जबकि 14 पद अब भी खाली हैं।

प्रमुख खबरें

भारत कभी किसी विदेशी ताकत के आदेश नहीं मानता, पीएम मोदी पर दबाव बनाना बेकार, ट्रंप को पुतिन का कड़ा जवाब

संकरी गलियां और नियमों की अनदेखी बनती रही काल! दिल्ली में पिछले 6 सालों में आग से जुड़ी घटनाओं में 543 लोगों की जान गयी

Delhi Hotel Fire Update | दिल्ली में अवैध निर्माण पर चला एमसीडी का हथौड़ा! 82 संपत्तियां ध्वस्त, 43 सील, हौज रानी अग्निकांड के बाद प्रशासन सख्त

AI ने खुद लिखा 80% Code! Claude बनाने वाली Anthropic की रिपोर्ट से सनसनी, बढ़ा ये बड़ा खतरा