By अंकित सिंह | Oct 18, 2024
भाजपा के नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में आज अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने हरियाणा के लोगों के लिए बड़ा फैसला लिया है। डीपीआर हरियाणा ने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में क्रोनिक किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी मेडिकल कॉलेजों में भी निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी हरियाणा से आपका विशेष स्नेह हमें निरंतर परिश्रम करने के लिए असीमित ऊर्जा प्रदान करता है। सैनी ने लिखा कि आपके प्रेरणादायी नेतृत्व में हरियाणा विकास की नित नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है। विकास की ये नॉनस्टॉप यात्रा प्रदेश में सतत जारी रहेगी। पूर्ण बहुमत की तीसरी बार भाजपा सरकार पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सुशासन, समानता और गरीब कल्याण के लिए काम करेगी। सैनी 2023 से 2024 तक संक्षिप्त अवधि के लिए भाजपा के हरियाणा राज्य प्रमुख भी रहे। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता निर्मल सिंह को 3,84,591 वोटों के भारी अंतर से हराकर कुरुक्षेत्र का लोकसभा चुनाव जीता।