By नीरज कुमार दुबे | Apr 22, 2025
बाढ़ और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हुए जम्मू-कश्मीर के रामबन में राहत कार्य जोरों पर हैं। केंद्र सरकार यहां राहत कार्यों में समन्वय बनाये हुए है और खुद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने आज प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि सबसे प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा है। डीसी बसीर चौधरी व्यक्तिगत रूप से प्रभावित क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है। उन्होंने कहा है कि कई जलापूर्ति योजनाएं चालू कर दी गई हैं और शेष योजनाओं पर बहाली का काम चल रहा है। उन्होंने कहा है कि कल तक राष्ट्रीय राजमार्ग आंशिक रूप से बहाल होने की संभावना है।
हम आपको यह भी बता दें कि उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि रामबन जिले में भारी बारिश और बादल फटने से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हुई तबाही को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित नहीं किया जा सकता। हालांकि, उन्होंने प्रभावित परिवारों को पर्याप्त राहत देने का आश्वासन दिया है। हम आपको बता दें कि रविवार को बादल फटने से आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़कों और आवासीय भवनों सहित बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। इसमें दो भाई-बहनों सहित तीन लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोगों को बचा लिया गया। इलाके में राहत कार्य तेजी से चलाये जा रहे हैं।