By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 06, 2026
लखनऊ, छह सितंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के कई जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए रविवार को कहा कि उनकी सरकार बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान खोजने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से कहा कि वे खुद को अकेला न समझें और ‘डबल इंजन सरकार’ उनके साथ खड़ी है। आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित चित्रकूट के दौरे से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने प्रभावित इलाकों में जारी राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह पहले ही बलिया, फर्रुखाबाद और वाराणसी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुके हैं और रविवार को चित्रकूट जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों की सेवा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसका अर्थ उनके सुख-दुख में उनके साथ खड़ा होना भी है।’’ मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से कहा, ‘‘संकट की इस घड़ी में वे खुद को अकेला न समझें।
सरकार पूरी तरह आपके साथ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।