सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा-जांच अभियान से संक्रमण के आंकड़े बढ़ेंगे लेकिन मौत के मामले कम होंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 01, 2020

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास व्यक्त किया कि बृहस्पतिवार से राज्य में शुरू हो रहे कोविड-19 जांच अभियान से संक्रमण के मामलों के आंकड़े भले ही बढ़ेंगे लेकिन मौत के मामले न्यूनतम स्तर पर पहुंचाने में कामयाबी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण दस्‍तक अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि डेंगू, चिकुनगुनिया और मलेरिया जैसे संचारी रोगों के लिये भी इंसेफेलाइटिस नियंत्रण जैसी ही मुहिम की जरूरत है। योगी ने कहा कि बृहस्पतिवार से मेरठ मण्‍डल के छह जिलों मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत में कोविड-19 जांच का विशेष अभियान शुरू हो रहा है। बाकी 17 मण्‍डलों में यह पांच से 15 जुलाई के बीच चलाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस अभियान में हम हर नागरिक की मेडिकल स्‍क्रीनिंग करेंगे।’’ 

इसे भी पढ़ें: CM योगी ने कहा- जांच अभियान से संक्रमण के आंकड़े बढ़ेंगे मगर मौत के आंकड़े होंगे न्यूनतम

ऐसी बीमारी जिसने पिछले 40 वर्षों के दौरान पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में हजारों बच्‍चों को निगल लिया, उस बीमारी को 60 फीसदी कम करने और मौत के आंकड़ों को 90 प्रतिशत तक कम करने में सफलता प्राप्‍त हो, यह अपने आप में एक उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही स्थिति हमें डेंगू, मलेरिया, कालाजार और डायरिया समेत सभी संक्रामक रोगों के लिये बनानी पड़ेगी। यह काम एक अभियान के तहत करना होगा। इसके लिये प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज एक मुहिम शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई न कोई जिला किसी न किसी संचारी रोग की कम या ज्‍यादा चपेट में रहता है। प्रदेश के 38 जिले तो ऐसे हैं जो इंसेफेलाइटिस से प्रभावित होते हैं। बहुत सारे जिले खासकर शहरी इलाकों में जरा सी असावधानी से डेंगू का खतरा बहुत बढ़ जाता है। उसी तरह बहुत से क्षेत्रों में मलेरिया, कालाजार और चिकनगुनिया भी देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सब पर प्रभावी नियंत्रण के लिये प्रदेश में अंतर्विभागीय समन्‍वय बनाया गया है और इस तालमेल के जरिये बीमारी पर काबू करने के लिये स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को नोडल महकमा बनाया गया है। योगी ने कहा कि इसमें नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्‍य विकास, महिला एवं बाल विकास, बेसिक शिक्षा, माध्‍यमिक शिक्षा, दिव्‍यांग जन कल्‍याण आदि विभाग मिलकर काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने कोरोना वायरस के खिलाफ बेहतर तरीके से लड़कर पूरे देश और दुनिया में उत्‍तर प्रदेश जैसे भारी-भरकम आबादी वाले राज्‍य में बेहतरीन स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा देने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उसने अंतर्विभागीय समन्‍वय के माध्‍यम से एक मिसाल कायम की है।

इसे भी पढ़ें: अनलॉक-2: उत्तरप्रदेश में स्कूल 31 जुलाई तक बंद, मेरठ मंडल में रात आठ से सुबह छह तक कर्फ्यू

कोरोना महामारी के इस दौर में भी प्रदेश के 24 करोड़ लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम कोरोना से भी लड़ेंगे और हर तरह के संचारी रोग से भी प्रभावी तरीके से निपटेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं फिर अपील करूंगा कि बचाव ही कोरोना का उपचार है। घर के बाहर निकलें तो मास्‍क का उपयोग जरूर करें। दो गज की दूरी बनाये रखना आवश्‍यक है। साफ-सफाई पर विशेष ध्‍यान देने की जरूरत है। अगर हम यह करेंगे तो न सिर्फ कोरोना वायरस से, बल्कि अन्‍य तमाम तरह की बीमारियों से भी बचे रहेंगे।’’ योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस बात पर चिंता जाहिर की है कि जो लोग लॉकडाउन के दौरान इन नियमों को मानते थे, उन्‍होंने अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होते ही उसे हल्‍के में लेना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘मैं आह्वान करूंगा कि हमें कोरोना वायरस से तो जंग जीतनी ही है, विषाणु और जलजनित बीमारियों पर भी अंकुश लगाने के लिये वर्तमान अभियान को भी सफल बनाना होगा।’’ मुख्‍यमंत्री ने इस मौके पर विशेष सफाई बल वाहनों को हरी झंडी भी दिखाई। कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी सम्बोधित किया।

प्रमुख खबरें

RCB की ओपनिंग जोड़ी पर फिर टिकी निगाहें, नेट्स में Phil Salt को बॉलिंग कराते दिखे Kohli

Cyprus में Chess Tournament पर बड़ा विवाद, FIDE के दावों के बीच Koneru Humpy ने नाम वापस लिया

Kylian Mbappe Injury: Real Madrid की मेडिकल टीम की बड़ी लापरवाही, गलत घुटने का होता रहा इलाज

हवाई सफर होगा और महंगा! IndiGo ने दी चेतावनी, बढ़ते Fuel Price से आपकी जेब पर पड़ेगा बोझ।