बीसीसीएल को पहली तिमाही में 68.09 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा, राजस्व में आई गिरावट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 22, 2026

नयी दिल्ली, 22 जुलाई कोल इंडिया की इकाई भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में राजस्व घटने और खर्च बढ़ने के कारण 68.09 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी ने 176.87 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। बीसीसीएल ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में परिचालन आय घटकर 3,587.27 करोड़ रुपये रह गई जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 3,719.59 करोड़ रुपये थी।

मिनीरत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीसीसीएल ने एक प्रस्तुति में कहा, ‘‘बाहरी आपूर्ति 88.3 लाख टन से घटकर 78.1 लाख टन रहने के कारण बिक्री में कमी आई है।’’ कंपनी ने कहा कि अन्य आय में कमी मुख्य रूप से प्रावधानों और देनदारियों के घटने के कारण भी आई है। शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 3,826.31 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 3,654.39 करोड़ रुपये था। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड झारखंड और पश्चिम बंगाल में खुली एवं भूमिगत कोयला खदानों के व्यापक नेटवर्क का संचालन करती है।

प्रमुख खबरें

UP STF ने Lucknow में दबोचा 50 हजार का इनामी बदमाश Pratap Gosain

Odisha Assembly में सीएम Mohan Charan Majhi ने 24,150 करोड़ का अनुपूरक बजट रखा

Punjab में Congress ने बनाई 42 सदस्यीय चुनाव समिति, Pargat Singh बने अध्यक्ष

Rishikesh के पास 100 करोड़ की लागत से बनेगा Shivalik Eco Park, दो चरणों में होगा काम