By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 31, 2020
चंडीगढ़। हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी गजब ढा रही है। पिछले कुछ दिनों से जारी शीत लहर बृहस्पतिवार को और तेज हो गई और हिसार में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में सुबह-सुबह अधिकतर स्थानों पर घना कोहरा छाने से दृश्यता कम हो गई। न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया, तो कहीं स्थानों में इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। हरियाणा के हिसार में तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम रहा, जहां इस मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। राज्य में नारनौल में भी मौसम की सबसे सर्द रात रही और तापमान शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।