कॉलेजियम ने वकील सौरभ किरपाल को दिल्ली उच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 16, 2021

नयी दिल्ली|  प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने अधिवक्ता सौरभ किरपाल को दिल्ली उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में किरपाल की प्रस्तावित नियुक्ति उनकी कथित यौन अभिरूचि के कारण विवाद का विषय थी।

इसे भी पढ़ें: उच्च न्यायालय ने निचली अदालतों के न्यायाधीशों से कम से कम एक दिन पहले अवकाश की जानकारी देने को कहा

हालांकि, केंद्र ने किरपाल की कथित यौन अभिरूचि का हवाला देते हुए उनकी सिफारिश के खिलाफ आपत्ति जताई थी। सिफारिश पर विवाद और केंद्र द्वारा कथित आपत्ति को लेकर पिछले चार वर्षों से कई अटकलें लगाई जा रही थीं।

इसके अलावा, कॉलेजियम ने दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों के रूप में चार वकीलों तारा वितास्ता गंजू, अनीश दयाल, अमित शर्मा और मिनी पुष्करणा की पदोन्नति के लिए अपनी पिछली सिफारिश को दोहराने का भी संकल्प लिया है।

शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड किए गए बयानों के अनुसार, कॉलेजियम ने 11 नवंबर की बैठक में पुनर्विचार कर अधिवक्ता सचिन सिंह राजपूत को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने के लिए अपनी पूर्व की सिफारिश को दोहराने का संकल्प लिया है।

एक बयान में कहा गया है कि कॉलेजियम ने शोबा अन्नम्मा ईपन, संजीता कल्लूर अरक्कल और अरविंद कुमार बाबू को केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के रूप में पदोन्नत करने के लिए अपनी पिछली सिफारिश को दोहराने का भी संकल्प लिया।

बयानों के अनुसार, कॉलेजियम ने न्यायिक अधिकारी बी एस भानुमति और अधिवक्ता के मनमाधा राव को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के रूप में पदोन्नत करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

इसे भी पढ़ें: रिजिजू ने मोबाइल ऐप ‘टेली लॉ’ शुरू किया, न्यायाधीशों से क्षेत्रीय दौरों पर विचार करने का किया अनुरोध

प्रधान न्यायाधीश के अलावा, न्यायमूर्ति यू यू ललित और न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण से संबंधित मामलों पर गौर करने वाले तीन सदस्यीय कॉलेजियम का हिस्सा हैं।

प्रमुख खबरें

Captain Harmanpreet का शानदार प्रदर्शन: FIH World Cup में भारत ने Wales को 3-1 से हराकर की विजयी शुरुआत

Delhi-Dhaka तनाव के बीच Bangladesh PM Tarique Rahman का होगा पहला भारत दौरा, बड़े फैसले संभव

Mahua Moitra का आरोप, देर रात सर्किट हाउस से बेदखली लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला, Lok Sabha Speaker को लिखा पत्र

80वें Independence Day पर Attari-Wagah में भव्य Beating Retreat, देशभक्ति का प्रदर्शन, दिखा BSF का शौर्य