By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
भारत पर 15 नवंबर को माउंट मोनगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में धीमी ओवर गति के लिए बुधवार को मैच फीस का 35 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी रंजन मदुगले ने यह जुर्माना लगाया। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम निर्धारित समय में लक्ष्य से सात ओवर पीछे पाई गई थी।
भारत ने हालांकि पांचवां एकदिवसीय जीतकर शृंखला 3-1 से अपने नाम की थी। आईसीसी की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आचार संहिता के नियम 2.22 के तहत न्यूनतम ओवर गति से संबंधित उल्लंघन के लिए निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इस मामले में जुर्माने की अधिकतम सीमा मैच फीस का 50 प्रतिशत है।
आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘अय्यर ने अपनी गलती और प्रस्तावित जुर्माना स्वीकार कर लिया इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।’’ मैदानी अंपायर पॉल रीफेल और वेन नाइट्स, तीसरे अंपायर कुमार धर्मसेना तथा चौथे अंपायर क्रिस ब्राउन ने भारतीय टीम की धीमी ओवर गति के लिए शिकायत की थी।