Colombia की ला विक्टोरिया कोयला खदान में मीथेन विस्फोट, 4 श्रमिकों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

मध्य कोलंबिया के एक ग्रामीण इलाके में स्थित कोयला खदान में मीथेन गैस जमा होने के कारण हुए विस्फोट में मारे गए चार लोगों में से शेष दो के शव बचावकर्मियों ने रविवार को बरामद कर लिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। देश की राष्ट्रीय खनन एजेंसी ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि घटनास्थल पर तलाश और बचाव अभियान समाप्त हो गया है, लेकिन विस्फोट की जांच जारी है।

हादसे में मारे गए दो अन्य लोगों के शव शनिवार को निकाल लिए गए थे। यह खदान कोलंबिया की राजधानी बोगोटा से करीब 240 किलोमीटर उत्तर में बोयाका प्रांत के चिता नगर पालिका क्षेत्र में स्थित है। चिता नगर पालिका प्रशासन के बयान के अनुसार, विस्फोट ला विक्टोरिया कोयला खदान में हुआ था।

कोलंबियाई मीडिया पर प्रसारित सुरक्षा कैमरे के फुटेज में विस्फोट के बाद काले धुएं का विशाल गुबार और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। खनन अधिकारियों ने इस खदान में कामकाज रोकने का आदेश दिया है। उन्होंने खदान का संचालन करने वाली कंपनी या व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन कहा है कि खदान एजेंसी के पास विधिवत पंजीकृत थी।

एजेंसी ने पहले भी चेतावनी दी थी कि कोयले की खदानों में गैस और धूल जमा होने से खतरनाक स्थितियां पैदा हो सकती हैं। मध्य कोलंबिया में खनन दुर्घटनाएं आम हैं। खनन एजेंसी ने रविवार को बोयाका प्रांत की एक अन्य खदान में एक श्रमिक की मौत की भी जानकारी दी।

एजेंसी के अनुसार, चट्टान खिसकने से श्रमिक उसमें फंस गया था। हालांकि, उसने इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

प्रमुख खबरें

Mumbai में यहूदी प्रतिष्ठानों की रेकी करने वाले आरोपी को Lawrence Bishnoi गिरोह के साथी ने जोड़ा था

Kudo Tournament: अभिनेता Akshay Kumar के निरंतर सहयोग की हर्ष संघवी ने की प्रशंसा

अभिनेता Sharad Kapoor ने फिल्म जगत से मांगी मदद, कहा डिप्रेशन से जूझ रहा हूं

Greater Noida में दो मुठभेड़ों के बाद छह बदमाश पकड़े गए, चार आरोपी घायल