By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला ने रविवार को दावा कि हाल ही में सेना के एक हमले में नेशनल लिबरेशन आर्मी के कम से कम 10 सदस्य मारे गए, जिनमें संगठन के दो प्रमुख नेता भी शामिल हैं। उन्होंने इस हमले को पिछले आठ वर्षों में गुरिल्ला समूह पर किया गया ‘‘सबसे बड़ा प्रहार’’ बताया। यह सैन्य अभियान बृहस्पतिवार को कोलंबिया के प्रशांत क्षेत्र में स्थित काउका प्रांत के एल तांबो के एक ग्रामीण इलाके में चलाया गया था।
राष्ट्रपति ने ‘‘मार्कोस पैसिफिको’’ पर गुरिल्ला समूह के साथ 24 वर्ष के संबंध के दौरान 62 लोगों की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने उस पर 2019 और 2021 में शहरी आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले ‘‘उपद्रव की साजिश रचने’’ का भी आरोप लगाया। कोलंबिया के राष्ट्रपति ने इस अभियान को समूह के खिलाफ ‘‘निर्णायक’’ प्रहार बताया, लेकिन यह भी स्वीकार किया कि इस एक कार्रवाई से नेशनल लिबरेशन आर्मी का खतरा खत्म नहीं हुआ है।
वर्ष 1964 से हथियारबंद संघर्ष में शामिल गुरिल्ला संगठन नेशनल लिबरेशन आर्मी के शीर्ष नेताओं को कम से कम 60 नाबालिगों की जबरन भर्ती के मामले में उनकी अनुपस्थिति में हाल ही में 11 से 20 साल तक की जेल की सजा सुनाई गई थी। रूढ़िवादी विचारधारा वाले एस्प्रिएला ने सात अगस्त को राष्ट्रपति का पदभार संभाला था। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती गुस्तावो पेट्रो द्वारा शुरू की गई शांति वार्ता समाप्त कर दी है और विद्रोही समूह के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का वादा किया है।