Colonel Sofiya Qureshi ने Gen Z से दर्शक नहीं रक्षक बनने का किया आह्वान, बदलती युद्धकला के मायने भी समझाये

By नीरज कुमार दुबे | Nov 01, 2025

भारतीय सेना के चाणक्य डिफेंस डायलॉग में कर्नल सोफिया कुरैशी ने युवा नेतृत्व यानि एक तरह से जेन जी को संबोधित करते हुए कहा कि “राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सीमा पर तैनात सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर युवा भारतीय की साझी प्रतिज्ञा होनी चाहिए।” उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर जैसे हालिया सैन्य अभियानों से सीख लेते हुए बताया कि आज की युद्धकला तेजी से बदल रही है— अब युद्ध केवल बंदूकों से नहीं, बल्कि ड्रोन, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक तकनीक से लड़े जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: ‘त्रिशूल’ की ताकत देख कांपा पाकिस्तान, पाक मीडिया चैनलों ने किया दावा- भारत ने 300 ब्रह्मोस मिसाइलें तैनात कीं

देखा जाये तो भारत की रक्षा आज केवल सीमाओं पर नहीं, बल्कि साइबर स्पेस, तकनीकी प्रयोगशालाओं, और युवा मनों की ऊर्जा में भी तय हो रही है। कर्नल सोफिया कुरैशी का संदेश इसी यथार्थ को उजागर करता है कि आने वाले दशक में युद्ध का मैदान डिजिटल होगा और सैनिक की पहचान उसकी सोच, नवाचार और जागरूकता से तय होगी।

कर्नल कुरैशी की बातों में दो स्पष्ट संदेश हैं— पहला, कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था को जनसामान्य के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता है; और दूसरा, कि युवाओं की रचनात्मक शक्ति को अब केवल सामाजिक अभियानों तक सीमित न रखकर राष्ट्र की सामरिक शक्ति में रूपांतरित करना होगा। “ऑपरेशन सिंदूर” का उदाहरण उन्होंने इसीलिए दिया क्योंकि यह आधुनिक युद्धकला का प्रतीक बन चुका है। यह एक ऐसा अभियान था जहाँ सटीकता, प्रौद्योगिकी और बहुआयामी रणनीति ने निर्णायक सफलता दिलाई। यह वही सोच है जो 21वीं सदी के युद्ध को पारंपरिक सैनिक संघर्ष से बौद्धिक और तकनीकी संघर्ष में बदल रही है।

आज भारत के पास लगभग 65% आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है, यह वही जनसंख्या है जो आने वाले वर्षों में न केवल देश की अर्थव्यवस्था बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को भी आकार देगी। इस संदर्भ में कर्नल कुरैशी का यह कथन कि “हर युवा देश की पहली रक्षा पंक्ति है” केवल एक प्रेरक वाक्य नहीं, बल्कि एक नीति-सूत्र है। देखा जाये तो सुरक्षा अब ‘बंदूक की शक्ति’ से अधिक ‘बुद्धि की शक्ति’ पर निर्भर है। साइबर युद्ध, ड्रोन मिशन, डेटा-सुरक्षा, और सूचना अभियानों में अब वही देश आगे रहेगा, जिसके युवा तकनीकी रूप से सक्षम, राष्ट्रभक्त और रणनीतिक दृष्टि से सजग हों। यही कारण है कि कर्नल कुरैशी का यह संदेश राष्ट्रीय सुरक्षा की परिभाषा को लोकतांत्रिक दायरे में विस्तारित करता है। इसमें सैनिक के साथ-साथ नवप्रवर्तक, इंजीनियर, हैकर, वैज्ञानिक और नीति-निर्माता— सभी को समान भूमिका दी गई है।

यदि भारत अपने युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में साध ले, तो यह शक्ति केवल रोजगार या विकास का साधन नहीं, बल्कि एक सामरिक संपत्ति बन जाएगी। कर्नल कुरैशी की यह पुकार कि युवा केवल “दर्शक” न बनें, बल्कि “रक्षक” बनें, आज के समय की सबसे सशक्त राष्ट्रीय प्रेरणा है। कर्नल सोफिया कुरैशी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा का भविष्य हथियारों से नहीं, विचारों से लिखा जाएगा। भारत के युवाओं को अब यह तय करना है कि वे उस भविष्य के निर्माता बनेंगे या दर्शक।

प्रमुख खबरें

US दूतों को Iran ने किया रिजेक्ट, अब JD Vance संभालेंगे Pakistan में बातचीत की कमान?

Vande Bharat में खाने में शिकायत पर Indian Railways का सख्त एक्शन, IRCTC और वेंडर पर ठोका जुर्माना

IPL 2026: RCB को नया मालिक मिलने के साथ बदलेगा नाम? अनन्या बिड़ला ने दिया ये जवाब

जंग के बीच Peace Talks की खबरों पर America का खंडन, बोला- Pakistan में कोई बात नहीं हो रही