By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 09, 2020
मुंबई। मशहूर हास्य कलाकार-अभिनेता जगदीप का बुधवार को उनके आवास पर निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। उन्होंने शोले फिल्म में सूरमा भोपाली के अपने किरदार से लोगों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। फिल्मी दुनिया में जगदीप के नाम से मशहूर हुए इस कलाकार का वास्तविक नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था। परिवार के करीबी मित्र निर्माता महमूद अली ने कहा, उनका बांद्रा के अपने आवास पर रात साढ़े आठ बजे निधन हो गया। आयु संबंधी समस्याओं के कारण वह अस्वस्थ थे। उन्होंने बताया कि अभिनेता को बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे दक्षिण मुंबई के कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा।