By अभिनय आकाश | Oct 15, 2026
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान भारत का सोने का आयात 27 प्रतिशत से अधिक घटकर 19.27 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 26.51 अरब अमेरिकी डॉलर था। यह गिरावट तब आई है जब सरकार ने इस साल मई में सोने और चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया, जिससे आयात महंगा हो गया। सोने के आयात में आई यह भारी कमी काफी अहम है, क्योंकि भारत अपनी घरेलू मांग को पूरा करने के लिए काफी हद तक विदेशों से होने वाली खरीदारी पर निर्भर है। सोने का आयात कम होने से देश के व्यापार घाटे (मर्चेंडाइज ट्रेड डेफिसिट) पर दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। रुपये और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव के बीच, कीमती धातुओं के आयात को नियंत्रित करने के उपायों के तहत सरकार ने 13 मई 2026 से सोने और चांदी पर सीमा शुल्क (कस्टम ड्यूटी) बढ़ा दिया था।