Piyush Goyal बोले, AI कभी नहीं ले सकता हस्तशिल्प और हथकरघा जैसे पारंपरिक हुनर की जगह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 24, 2026

 केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि तेजी से बदलते प्रौद्योगिकी परिदृश्य के लिए तैयारी करने और भारत को वैश्विक नेता के रूप में उभरने के अवसरों का लाभ उठाने के लिए सरकार ऐसे पेशों व क्षेत्रों की पहचान कर रही है, जिन पर कृत्रिम मेधा (एआई) का असर अपेक्षाकृत कम होगा। गोयल ने कहा कि सरकार का जोर ऐसे क्षेत्रों पर है, जहां एआई मानव श्रम का स्थान लेने के बजाय कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद कर सकता है। 

यह पूछे जाने पर कि इस पहल का मकसद क्या है, मंत्री ने हस्तशिल्प, हथकरघा, पाक कला और पर्यटन जैसे क्षेत्रों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में पारंपरिक कौशल और मानवीय रचनात्मकता की अहम भूमिका है तथा भारत के पास इनमें आगे बढ़ने की विशेष क्षमता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे हस्तशिल्प और हथकरघा का स्थान एआई किसी भी तरह से नहीं ले सकता। ऐसे कई क्षेत्र हैं, जिनमें हमारी विशेष ताकत है। 

हम इन पर ध्यान देंगे और इन्हें विकसित भी करेंगे, ताकि 140 करोड़ लोगों का भविष्य बेहतर बनाया जा सके।’’ इन क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने के लिए संभावित सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने कहा कि जहां जरूरत होगी, वहां सहायता दी जाएगी, लेकिन हर गतिविधि के लिए प्रोत्साहन देना आवश्यक नहीं है। 

उन्होंने कहा कि इस दिशा में निजी क्षेत्र, सरकार और लोगों की अगुवाई वाली विभिन्न पहल के साथ-साथ उपलब्ध अवसरों के आधार पर भी काम किया जाएगा। गोयल ने विदेश में काम कर रहे भारतीय शोधकर्ताओं, इंजीनियरों और वैज्ञानिकों को देश लौटकर विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। मंत्री ने कहा कि उन्होंने जर्मनी में भारतीय शोधकर्ताओं और छात्रों से यह बताने को कहा है कि वे भारत लौटने पर किन सुविधाओं तथा सहयोग की अपेक्षा रखते हैं।

प्रमुख खबरें

Australia के खिलाफ तीसरे Test से बाहर हुए Anrich Nortje, CSA ने की पुष्टि

Tamil Nadu के सथानकुलम में घर में घुसकर महिला की हत्या, दो बेटियां अगवा करने वाला युवक अरेस्ट

Faf du Plessis ने 2018 Ball-Tampering विवाद पर किया खुलासा, Steve Smith का किया था बचाव

West Asia में अस्थिरता की वजह इजराइल: Regional Four बैठक में बोले चार देशों के विदेश मंत्री