By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
सऊदी अरब, तुर्किये, पाकिस्तान और मिस्र के विदेश मंत्रियों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्र में अस्थिरता के लिए इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है और संयुक्त राष्ट्र के संबंधित प्रस्तावों के अनुसार फलस्तीन के लिए द्वि-राष्ट्र समाधान को जल्द लागू करने की मांग की है। शुक्रवार को इस्तांबुल में ‘रीजनल फोर’ समूह के तहत हुई बैठक में शामिल विदेश मंत्रियों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि वे क्षेत्र और उससे बाहर शांति तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए कूटनीतिक प्रयासों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मार्च में गठित इस क्षेत्रीय समूह ने कहा कि “इजराइल का कब्जा क्षेत्र और उससे बाहर अस्थिरता का मूल कारण है और इजराइल की नीतियां दुनिया भर के जन मानस में अन्याय की गहरी भावना उत्पन्न करती हैं।” विदेश मंत्रियों ने फलस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार और पूर्वी यरुशलम को राजधानी बनाकर एक स्वतंत्र, संप्रभु, व्यवहार्य देश स्थापित करने के उनके अधिकार के प्रति अपना समर्थन दोहराया।