By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 21, 2017
सरकार ने आज कहा कि वह किसानों से उनके उत्पादों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदनें को प्रतिबद्ध है और दलहन का 20 लाख टन बफर स्टाक बनाने की दिशा में पहल करते हुए अभी तक 15 लाख टन खरीद की जा चुकी है। शून्यकाल के दौरान कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खडगे ने कर्नाटक समेत देश के विभिन्न हिस्सों में दलहन के अधिक उत्पादन को देखते हुए सरकार से आग्रह किया कि वह किसानों से दलहन विशेष तौर पर अरहर की खरीद सुनिश्चित करे।
इससे पहले इस विषय को उठाते हुए कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा कि कृषि के पैटर्न में बदलाव हुए हैं और दलहन का उत्पादन बढ़ा है। पिछले वर्ष खराब मानसून के बावजूद कर्नाटक में अरहर का अधिक उत्पादन हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष केंद्र और राज्य सरकार की ओर से विभिन्न प्रोत्साहन पहल के कारण दलहन का उत्पादन बढ़ा है।
इस बीच भारत सरकार ने विदेशों से भी अरहर की खरीद की है। खडगे ने कहा कि भारत सरकार ने दलहन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,050 रूपये घोषित किया है। ऐसा पाया गया है कि प्रति क्विंटल दलहन की खेती पर 6400 रूपये खर्च आता है। ऐसे में न्यूनतम समर्थन मूल्य 7000 रूपये किये जाने और 1000 रूपये बोनस देने की जरूरत है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को नैफेड को यह निर्देश देना चाहिए कि किसानों से उत्पादों की खरीद सुनिश्चित करे।