By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 11, 2023
नयी दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किरण जॉर्ज ने कहा कि इस साल की शुरुआत में थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ उलटफेर करने से उनका आत्म विश्वास बढ़ा और इसने उन्होंने इंडोनेशिया मास्टर्स में करियर के दूसरे बीडब्ल्यूएफ खिताब जीतने में मदद की। कोच्चि के 23 वर्षीय खिलाड़ी ने इस साल की शुरुआत में थाईलैंड ओपन सुपर 500 में 2018 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और पूर्व ऑल इंग्लैंड चैंपियन शी युकी और मलेशिया मास्टर्स के उपविजेता और ऑस्ट्रेलियाई ओपन विजेता वेंग होंगयांग को हराकर काफी सुर्खियां बटोरी थी।
किरण ने कहा, ‘‘ मेरे लिए यह टूर्नामेंट बहुत अच्छा रहा। यह आसान नहीं था क्योंकि पहले मैच से ही कठिन मुकाबले थे, लेकिन पहली बाधा पार करने के बाद मैंने लय को बरकरार रखने में सफल रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इस टूर्नामेंट में उनके लिए सबसे कठिन मैच जापान के ताकुमा ओबायाशी के खिलाफ था। यह प्री-क्वार्टर फाइनल मैच था, जो काफी लंबा खिंचा था।’’ किरण ने 59 मिनट तक चले इस मैच को 18-21, 21-19, 21-19 से अपने नाम किया था।
फाइनल मैच में जापान के एक अन्य खिलाड़ी ताकाहाशी को हराने के बारे में पूछे जाने पर किरण ने कहा, ‘‘ उसका रक्षण और शटल को वापस करने का तरीका शानदार है। हमनें इस मैच में बहुत सारी लंबी रैलियां खेली लेकिन मैंने अपना संयम बनाए रखा और गलती न करने की कोशिश की। मुझे खुद पर भरोसा था। ’’ पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन जॉर्ज थॉमस के बेटे किरण ने अब मंगलवार से शुरू होने वाले हांगकांग सुपर 500 के क्वालीफायर में चुनौती पेश करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं हांगकांग जा रहा हूं और मेरा ध्यान वहां अच्छा करने पर है।