सत्ता के लिए कांग्रेस जल बिन मछली की तरह तड़प रही है: नकवी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 10, 2018

मन्दसौर/खंडवा (मध्य प्रदेश)। केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लिए कांग्रेस जल बिन मछली की तरह तड़प रही है। आगामी 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मन्दसौर सीट से भाजपा प्रत्याशी यशपाल सिंह सिसौदिया का नामांकन भरवाने मन्दसौर आए नकवी ने मीडिया से कहा, ‘‘कांग्रेस सत्ता के बिना रह नहीं सकती। इसके लिए वह छटपटा रही है। सत्ता के बिना उसकी स्थिति जल बिन मछली के समान है।’’ उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस भ्रष्टाचार-घोटालों की सरकार चलाती थी, जिस तरह से तानाशाहीपूर्ण तरीके से सरकार चलाती थी, उसी तरह उसको (कांग्रेस) लगता है कि यह तो उसका जन्मसिद्ध अधिकार है।नकवी ने कहा कि इसलिए कांग्रेस को लगता है कि यह सत्ता भाजपा के पास क्यों रहे। इसलिए कांग्रेस हर दिन एक फर्जी कहानी-किस्सा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ ला रही है।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी का सुशासन व विकास का एक ऐसा मॉडल है जो सारी दुनिया में जाना जा रहा है। इसी प्रकार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान भी विकास के मॉडल के रूप में पूरे भारत में प्रसिद्ध हो रहे हैं। इस बीच, खंडवा में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र वर्मा के नामांकन पत्र दाखिल करने और रैली में शामिल होने खंडवा पहुंचे केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने नोटबंदी पर सरकार की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘यह एक ऐतिहासिक फैसला था।’’ प्रभु ने कहा, ‘‘नोटबंदी से देश की आर्थिक स्थिति सुधरी है।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई विकास कार्य हुए हैं, जिनको लेकर हम चुनाव में जनता के बीच में जा रहे हैं। फ्रांस के साथ हुए राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर कांग्रेस द्वारा उठाये गये सवालों पर प्रभु ने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास मुद्दा ही नहीं है। इसलिए वह ऐसे आरोप हमारी सरकार पर लगा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह देश की सुरक्षा का मामला है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। राफेल सौदे पर हमारी रक्षामंत्री ने हर सवाल का जवाब दिया है।’’

प्रमुख खबरें

KKR vs DC IPL 2024: सॉल्ट और चक्रवर्ती के तूफान में उड़ी दिल्ली, कोलकाता की शानदार जीत

कनाडा और उड़ानों, वायु मार्गों को जोड़ने के लिए भारत के साथ काम कर रहा : PM Trudeau

भीषण गर्मी के बीच Jharkhand सरकार ने 8वीं तक की कक्षाएं निलंबित कीं

Ola Mobility के CEO हेमंत बख्शी का इस्तीफा, 10-15 प्रतिशत कर्मचारियों की हो सकती छंटनी