महाराष्ट्र में सरकार गठन पर फिर लटका मामला, कांग्रेस-NCP की बैठक रद्द

By अभिनय आकाश | Nov 13, 2019

महाराष्ट्र में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी लगता है कि सबकुछ सेट हो गया है और बस सरकार बन जाएगी फिर अचानक से सभी प्लान धराशायी हो जाता है। शिवसेना जो किसी भी तरह से महाराष्ट्र में सत्ता के सिंहासन पर बैठना चाहती है तो दूसरी तरफ एनसीपी है, जो अपनी शर्तों पर शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाना चाहती है। वहीं, कांग्रेस अभी तक तय ही नहीं कर सकी है कि विपरीत विचारधाराओं वाले दल से दोस्ती की जाए या नही। इस बीच सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर भी कांग्रेस और एनसीपी में चर्चा चल रही है। लेकिन फिर एक बार महाराष्ट्र का सियासी पेंच उलझता नजर आ रहा है। खबरों के अनुसार कांग्रेस-एनसीपी की बैठक रद्द हो गई है। जिसके बाद अजीत पवार बारामती के लिए निकल गए। बैठक रद्द होने पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी से एनसीपी नेता ने इंकार कर दिया। वहीं इस बाबत कांग्रेस के दिग्गज नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि बैठक रद्द होने के संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई है। दोनों दलो की यह बैठक साझा न्यूनतम कार्यक्रम पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई गई थी। 

बता दें कि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगा है। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की सिफारिश की थी, जिसकी राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी। हालांकि महाराष्ट्र में सरकार बनाने का विकल्प अभी खत्म नहीं हुआ है। इसके लिए राजनीतिक दलों को राज्यपाल को विश्वास दिलाना होगा कि उनके पास बहुमत का आंकड़ा है. इसके बाद भी राज्यपाल के ऊपर यह निर्भर करेगा कि वह सरकार गठन के लिए राज्य से राष्ट्रपति शासन को हटाकर सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं या नहीं।

प्रमुख खबरें

NITI Aayog की रिपोर्ट: PLI Scheme के 70 प्रतिशत क्षेत्रों में तय लक्ष्यों के अनुसार प्रगति

Vivaan Kapoor ने ISSF विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत के लिए पक्का किया Olympic कोटा

भीम-मीम ने उड़ाई दो लड़कों की नींद! UP का थर्ड फ्रंट किसका बिगाड़ेगा खेल?

Mumbai रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के भोजपुरी गाने बजाने पर भड़की Shiv Sena UBT और MNS