By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पेंच बाघ अभयारण्य के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान पार्षद परिणय फुके के बेटे की भूमिका थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। फुके ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्षी दल को ‘‘ओछी राजनीति’’ से बचना चाहिए।
सपकाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि दुर्घटना में शामिल कार सत्तारूढ़ दल के विधान परिषद सदस्य परिणय फुके की थी और हादसे के समय उनका बेटा नशे की हालत में कार चला रहा था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव के जरिए मामले को दबाने या जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सपकाल ने कहा, ‘‘किसी विधान पार्षद का बेटा होने का मतलब यह नहीं है कि उसे कानून से संरक्षण मिल जाएगा।’’ उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
पलटवार करते हुए फुके ने दुर्घटना में अपने बेटे की संलिप्तता के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस को ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए। फुके ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनकी दो गाड़ियों में उनका बेटा और उसके दोस्त सवार थे। उन्होंने कहा कि दोनों गाड़ियों के लिए चालक मौजूद थे और उन्हें ये युवक नहीं चला रहे थे।
फुके ने कहा, ‘‘एक युवक की मौत हुई है। मेरा बेटा उस कार में नहीं था, जिससे दुर्घटना में युवक की मौत हुई। वह दूसरी कार में था।
कांग्रेस को इस तरह की ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए।’’ भाजपा के विधान पार्षद ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस मामले में उचित कदम उठाएगी और इसकी सही तरीके से जांच करेगी। पेंच बाघ अभयारण्य महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश, दोनों राज्यों में फैला हुआ है। इसका बड़ा हिस्सा मध्यप्रदेश में पड़ता है।
इस बीच, मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा कि महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा के पास खवासा-तुरिया मार्ग पर चार नवंबर को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले की जांच महाराष्ट्र पुलिस से केस डायरी मिलने के बाद शुरू की जाएगी। सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चार नवंबर की रात खवासा-पेंच के पास कार दुर्घटना में घायल हुए लोगों के संबंध में कुरई अस्पताल से एक रिपोर्ट मिली थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है और नागपुर से जांच संबंधी डायरी मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
कुरई थाने के प्रभारी कृपाल सिंह टेकाम ने बताया, ‘‘हादसे में घायल हुए अली नाम के एक व्यक्ति की नागपुर के अस्पताल में मौत हो गई। नागपुर से जांच संबंधी डायरी मिलने के बाद हम चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करेंगे।’’ टेकाम ने कहा कि विस्तृत जांच से पता चलेगा कि वाहन में कितने लोग सवार थे, उसे कौन चला रहा था, उनके साथ कौन-कौन था और हादसे की असल वजह क्या थी।