कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई ने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 18, 2022

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (सीपीसीसी) ने राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए रविवार को एक प्रस्ताव पारित किया। कांग्रेस नेताओं ने यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी इसी तरह का प्रस्ताव पारित किया था। कांग्रेस की प्रदेश संचार शाखा के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि छत्तीसगढ़ से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 310 प्रतिनिधियों की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता हुसैन दलवाई ने की। छत्तीसगढ़ से पार्टी के ये प्रतिनिधि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव में मतदान करेंगे।

इसे भी पढ़ें: क्या केएल राहुल को महंगी पड़ सकती है विराट की फॉर्म? सलामी बल्लेबाज को लेकर रोहित का बड़ा बयान

राज्य में सत्तारूढ़ दल के प्रदेश कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, राजीव भवन में हुई बैठक में कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के प्रमुख मोहन मरकाम, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,एआईसीसी महासचिव पी एल पुनिया और राज्य के मंत्री शामिल हुए। मुख्यमंत्री बघेल ने संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव उन्होंने पेश किया, जिसका अनुमोदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख मोहन मरकाम, राज्य विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत, मंत्रियों-टी एस सिंह देव, शिवकुमार डहरिया और प्रेमसाय टेकाम- ने किया।

बघेल ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘सीपीसीसी ने आज प्रस्ताव (राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का) पारित किया और पार्टी की राजस्थान इकाई ने भी ऐसा किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यदि इसी तरह के प्रस्ताव अन्य राज्यों में भी पारित किये जाते हैं तो राहुल जी इस पर पुनर्विचार करेंगे, क्योंकि पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव नजदीक आ रहा है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, मुझे लगता है कि राहुल जी (पार्टी प्रमुख बनने के लिए) राजी हो जाएंगे।’’ बघेल ने कहा कि उन्होंने और पार्टी के अन्य नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पेश किये गये एक अन्य प्रस्ताव का भी अनुमोदन किया, जो कांग्रेस अध्यक्ष को पार्टी के प्रदेश प्रमुख और अन्य पदाधिकारी नियुक्त करने के लिए अधिकृत करता है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रस्ताव बैठक में पारित हो गये।

प्रमुख खबरें

Gujarat ATS ने पकड़ा Shimla का वांछित ड्रग तस्कर, 1.12 किलो हेरोइन केस में था फरार

Japan में Piyush Goyal का बड़ा वादा, Semiconductor और AI सेक्टर के लिए आसान होंगे BIS Certification से जुड़े कड़े नियम

Patna Municipal Corporation नोटिस विवाद: CM Samrat Choudhary ने बनाई समिति

Gaggal Airport जमीन सौदों में 9 बेनामी लेनदेन मिले, CM Sukhu ने विधानसभा में बताया