By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 11, 2022
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा में जनसैलाब देख घबराकर मुख्यमंत्री बोम्मई -येदियुरप्पा ने आज अपनी ‘ विमान-हेलीकॉप्टर ’ यात्रा शुरू की। ’’ उन्होंने लिखा, ‘‘ पहले तो, कर्नाटक के लोग इस सवाल का जवाब चाहते हैं (कि)-- क्या बीएसवाई (येदियुरप्पा) को भ्रष्टाचार के आरोपों पर हटाया गया था? क्या उनके विरूद्ध लोकायुक्त द्वारा अब भ्रष्टाचार की प्राथमिकी दर्ज की गयी है? क्या भाजपा सरकार को देशभर में ‘40 प्रतिशत सरकार’ के रूप में नहीं जाना जाता है?’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘ क्या ‘पे सीएम ’ हर व्यक्ति के मुंह से नहीं निकल रहा है? आपने ‘ठेकेदार’ एसोसिएशन की 40 प्रतिशतकमीशन शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं की?आपने 13000 निजी विद्यालय एसोसिएशन की 40 प्रतिशत कमीशन शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं की?’’ सुरजेवाल ने यह भी पूछा कि क्यों मट्टा के स्वामीजी ने बोम्मई सरकार पर 40 प्रतिशत कमीशन का आरोप लगाया और क्यों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सरकार को ‘सबसे अधिक भ्रष्ट’ होने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने प्रश्न किया, ‘‘ क्यों आपके अपने ही विधायक कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री का पद भी 2500 करोड़ रूपये में बिक्री के लिए उपलब्ध है। क्या आपके अपने ही मंत्रियों ने नहीं कहा है कि कर्नाटक में कोई सरकार नहीं है और आप बस समय बिता रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ श्रीमान् बोम्मई, सीधा-सपाट सच तो यह है कि कर्नाटक के लिए आपकी कोई योजना नहीं है, कोई दिशादृष्टि नहीं है, आपकी कोई उपलब्धि नहीं है। आप भारत में सबसे भ्रष्ट सरकार के मुखिया हैं। आपकी अक्षमता असाधारण है और आपका कुप्रशासन असामान्य है। लोगों को बेवकूफ बनाना बंद कीजिए, लोग आपको हरा देंगे।’’ कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व बोम्मई और येदियुरप्पा ने मंगलवार को रायचूर से भाजपा की यात्रा शुरू की। दोनों नेता इस जन संकल्प यात्रा के तहत 25 दिसंबर तक 52 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे। सत्तारूढ़ दल की यह यात्रा ऐसे समय शुरू हुई है जब कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक से गुजर रही है।