विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होने तक Lok Sabha सीटों की संख्या न बदले: Congress

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि देश के हित में लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या और राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा बरकरार रखा जाना चाहिए तथा महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि इस व्यवस्था को तब तक बरकरार रखा जाना चाहिए, जब तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मौजूदा परिस्थितियों में यह देश के हित में है कि लोकसभा की वर्तमान सदस्य संख्या और राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए तथा महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए।

इस व्यवस्था को विकसित भारत का बहुचर्चित लक्ष्य हासिल होने तक स्थिर रखा जाना चाहिए।’’ उन्होंने इस बात का उल्लेख भी किया कि संसद के मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के 100 दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन अब तक सत्रावसान की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘17 अप्रैल, 2026 को पुराना विधेयक भारी मतों से पराजित हो गया था।

किसी को नहीं पता कि नए विधेयक में क्या प्रावधान होंगे।’’ कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि सरकार ने परिसीमन के नए प्रस्तावों पर किसी भी राजनीतिक दल के साथ गंभीर और व्यवस्थित तरीके से चर्चा नहीं की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री को चार पत्र लिखे जाने के बावजूद सर्वदलीय बैठक तक नहीं बुलाई गई है। रमेश ने कहा कि देश के सामने आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक, सैन्य और विदेश नीति से जुड़ी कहीं अधिक गंभीर चुनौतियां हैं, जिन पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘व्यापक और दूरगामी परिसीमन की प्रक्रिया इंतजार कर सकती है।’’ उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने 1976 में परिसीमन को 25 साल के लिए टाल दिया था, जबकि वाजपेयी ने 2001 में इसे अगले 25 साल के लिए, यानी 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक स्थगित कर दिया था। रमेश ने प्रधानमंत्री की ओर से 19 नवंबर को फिक्की के सम्मेलन में अर्थव्यवस्था की स्थिति पर जताई गई चिंता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा के लिए ‘‘शांत दिमाग’’ और विभिन्न पक्षों के साथ व्यापक विचार-विमर्श की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा लोकसभा की सदस्य संख्या और राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा बरकरार रखते हुए महिला आरक्षण लागू करना उचित होगा। कांग्रेस महासचिव का कहना है कि यह व्यवस्था विकसित भारत का लक्ष्य हासिल होने तक जारी रहनी चाहिए।

प्रमुख खबरें

Horoscope 21 November 2026 Aaj Ka Rashifal: सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल

Siang Dam प्रोजेक्ट को रद्द करने की मांग, Arunachal Pradesh के संगठनों ने Amit Shah को लिखा पत्र

विश्व टेलीविजन दिवस: टीवी की चमक में ज्ञान भी, भ्रम भी

Gauna Devotthan Ekadashi: गृहस्थों के बाद वैष्णव संप्रदाय रख रहा देवउठनी एकादशी व्रत, विशेष विधि से जागेंगे श्रीहरि