By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 06, 2021
नयी दिल्ली। कांग्रेस ने गणतंत्र दिवस समारोह को इस साल रद्द करने के सुझाव संबंधी शशि थरूर की टिप्पणी से बुधवार को किनारा किया और कहा कि जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमले किए जा रहे हैं, तो ऐसे समय में लोकतंत्र का उत्सव बढ़-चढ़कर मनाने की जरूरत है। दरअसल, पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का भारत दौरा रद्द होने का हवाला देते हुए कहा था कि मुख्य अतिथि नहीं होने की स्थिति में इस बार गणतंत्र दिवस समारोह को क्यों न रद्द कर दिया जाए?
इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर जिस तरह से लगातार हमले करके उन्हें कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, ऐसे समय में कांग्रेस महसूस करती है कि इस तरह के उत्सवों को और बढ़-चढ़कर मनाते हुए, इन पर विश्वास जताते हुए हमें ये सुनिश्चित करना है और शपथ लेनी है कि हम कतई भी अपने संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर नहीं होने देंगे।’’
उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉनसन ने अपने देश में कोरोना वायरस के नये स्वरूप (स्ट्रेन) से पैदा हुए संकट के बढ़ने के चलते 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह के लिये भारत की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जॉनसन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात कर अपना दौरा रद्द करने के लिए खेद प्रकट किया। जॉनसन को 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड के लिए मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था।