भारत बदल गया है, कांग्रेस को बदलना ही होगाः जयराम रमेश

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 07, 2017

कोच्चि। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आज कहा कि कांग्रेस ‘‘अस्तित्व के संकट’’ से गुजर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा प्रमुख अमित शाह की ओर से मिल रही चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए पार्टी नेताओं की ओर से समन्वित कोशिश की वकालत की। रमेश ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘हां, कांग्रेस पार्टी बहुत गंभीर संकट का सामना कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1996 से 2004 तक ‘‘चुनावी संकट’’ का सामना किया, जब वह सत्ता से बाहर थी। पार्टी ने 1977 में भी चुनावी संकट का सामना किया था जब वह आपातकाल के ठीक बाद चुनाव हार गयी थी।

 

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आज, मैं कहूंगा कि कांग्रेस अस्तित्व के संकट का सामना कर रही है। यह चुनावी संकट नहीं है। सचमुच में, पार्टी गंभीर संकट में है।’’ उनसे पूछा गया कि क्या राज्यसभा चुनावों में पार्टी नेता अहमद पटेल की जीत सुनिश्चित करने के लिए गुजरात में भाजपा द्वारा विधायकों को पाला बदलवाने के खतरे के कारण पार्टी ने अपने विधायकों को कर्नाटक भेजा। हालांकि, उन्होंने भाजपा द्वारा कथित पाला बदलवाने की कोशिश से बचने के लिए 29 जुलाई को कांग्रेस के अपने 44 विधायकों को पार्टी शासित कर्नाटक के एक रिजार्ट में भेजे जाने के फैसले को उचित ठहराते हुए कहा कि अतीत में भगवा पार्टी भी अपने विधायकों को भेज चुकी है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए यह सोचना गलत रहा कि मोदी नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर अपने आप चुनावों में भाजपा शासित राज्यों में काम करेगी। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हमें समझना होगा कि हम श्री मोदी, श्री शाह के विरोध में हैं। और वे अलग सोचते हैं, अलग करते हैं और अगर हम अपने दृष्टिकोण में लचीले नहीं हुए तो साफ कहूं हम अप्रासंगिक हो जाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को यह भी मानना होगा कि भारत बदला है। उन्होंने कहा, ‘‘पुराने नारे काम नहीं करते, पुराना फार्मूला काम नहीं करता, पुराना मंत्र काम नहीं करता। भारत बदल गया है, कांग्रेस पार्टी को बदलना होगा।'

 

प्रमुख खबरें

Swara Bhasker Vs Kangana Ranaut | कंगना रनौत से तुलना किए जाने पर स्वरा भास्कर का आया जोरदार रिएक्शन, दोनों के बीच बड़ा अंतर बताया

Australia India relations: जासूसी के आरोप में 2 भारतीयों के निष्कासन की मीडिया रिपोर्ट पर आया विदेश मंत्रालय का बयान, जानें क्या कहा

Odisha Assembly Elections: ओडिशा में सत्ता में आने की पुरजोर कोशिश में जुटी भाजपा, 80 सीटें जीतने का रखा लक्ष्य

सियाचिन के पास चीन की हरकतों पर बरसा भारत, अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने का अधिकार