By अंकित सिंह | Aug 11, 2023
मणिपुर हिंसा की वजह से पूरा का पूरा संसद सत्र बाधित रहा। मणिपुर को लेकर ही विपक्षी दलों की ओर से अविश्वास प्रस्ताव भी लाया गया था। हालांकि, यह अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। संसद में मणिपुर को लेकर वार-पलटवार का दौर भी देखने को मिला। विपक्षी दल लगातार भाजपा पर मणिपुर में हिंसा को लेकर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, भाजपा भी विपक्षी दलों पर पलटवार कर रही है। संसद का सत्र समाप्त हो चुका है। लेकिन वार-पलटवार की राजनीति आज भी जारी है। आज जहां एक बार फिर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र के मोदी सरकार पर निशाना साधा तो वहीं भाजपा की ओर से भी जबरदस्त तरीके से पलटवार किया गया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज कहा कि 19 साल के अनुभव में मैंने मणिपुर में जो देखा-सुना, वैसा पहले कभी नहीं देखा। संसद में मैंने कहा था। पीएम और गृह मंत्री ने भारत माता की हत्या की है, मणिपुर में भारत को खत्म कर दिया है। ये खोखले शब्द नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मणिपुर में, जब हमने मैतेई क्षेत्र का दौरा किया, तो हमें स्पष्ट रूप से बताया गया कि यदि हमारे सुरक्षा दस्ते में कोई कुकी है, तो उन्हें यहां नहीं लाया जाना चाहिए क्योंकि वे उसे व्यक्ति को मार देंगे। जब हम कुकी क्षेत्र में गए, तो हमें बताया गया कि हम अगर किसी भी मैतेई व्यक्ति लाएंगे, वे उसे गोली मार देंगे...तो, यह एक राज्य नहीं है, दो राज्य हैं। राज्य की हत्या हो गई है और उसका हौसला बढ़ा दिया गया है।