By अंकित सिंह | Oct 29, 2026
बुधवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने विधान परिषद चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर तंज कसा था। कांग्रेस ने नागपुर और वाराणसी में विपक्ष की जीत का हवाला देते हुए भाजपा के चुनावी दबदबे के दावों पर सवाल उठाए। यह पलटवार तब आया जब प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों में कांग्रेस के एक भी सीट न जीत पाने पर तंज कसा था, जबकि इन चुनावों में मतदान बैलेट पेपर के जरिए हुआ था।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री के बयानों पर सवाल उठाते हुए वाराणसी में हुए 2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र किया, जहां मोदी कम अंतर से जीते थे। श्रीनेत ने कहा कि प्रधानमंत्री मतपत्रों (बैलेट पेपर) की बात कर रहे हैं। पहले उन्हें यह बताना चाहिए कि जब चुनाव पेपर बैलेट से होते थे, तब वे अपने ही संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कैसे हार गए थे?" उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री पिछला चुनाव एक साजिश के जरिए जीते थे। उन्होंने आगे कहा कि मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहती हूं कि वाराणसी जाने की गलती न करें, वरना आप हार जाएंगे।
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी कि वे भविष्य के चुनावों में पेपर बैलेट की मांग का समर्थन करें। खेड़ा ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री को पेपर बैलेट पर इतना ही भरोसा है कि वे इसका समर्थन कर रहे हैं, तो यही तो हमारी भी मांग है। इसलिए, आने वाले सभी चुनाव पेपर बैलेट से होने चाहिए। साथ ही, उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयानों में वाराणसी के नतीजों का जिक्र क्यों नहीं किया।