हिजाब विवाद पर जहर उगल कर माहौल खराब कर रही है कांग्रेस

By राकेश सैन | Feb 14, 2022

पंजाब में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार चरम पर है और मतदाताओं को रिझाने के लिए सभी दलों द्वारा हर तरह के अस्त्रों-शस्त्रों का प्रयोग किया जा रहा है। यहां तक कि अभिमन्यू वध की तर्ज पर हर प्रकार की मर्यादाएं तोड़ी जा रही हैं। ऐसा करते समय इससे भी गुरेज नहीं किया जा रहा कि भविष्य में समाज पर क्या असर हो सकता है। दो-अढ़ाई दशकों तक आतंकवाद का सेक झेल चुके देश के सीमांत राज्य में कांग्रेस ने ऐसा पासा फेंका है जिससे सामाजिक विभाजन की आशंका पैदा हो सकती है। देश में चल रहे हिजाब विवाद पर बोलते हुए कांग्रेस की प्रचार समिति के अध्यक्ष व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी सुनील कुमार जाखड़ ने कहा है कि इस विवाद के माध्यम से सिखों की पगड़ी याने दस्तार पर खतरा मण्डराने लगा है। उन्होंने कहा कि हिन्दूवादी आज हिजाब पर सवाल उठा रहे हैं तो कल दस्तार को लेकर ऐसा करेंगे। वे यहीं नहीं रुके बल्कि उन्होंने अकाल तख्त साहिब व शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबन्धक समिति को भी उकसाया है कि वे इस मुद्दे पर खुल कर सामने आएं। जाखड़ का यह बयान या तो अज्ञानता की उपज है या केसधारी समाज को भ्रमित करने का प्रयास। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर विपक्ष को जवाब देते हुए प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की ओर से पंजाब में आतंकवाद व 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर उठाए गए सवालों पर यह राज्य में चुनावी मुद्दे बन कर सामने आने लगे हैं और हो सकता है कि इसीके चलते चौ. जाखड़ ने समाज के दो वर्गों के बीच सन्देह पैदा करने का प्रयास किया हो। परन्तु शायद कांग्रेस नेता यह नहीं जानते कि हिजाब इस्लाम का जरूरी हिस्सा नहीं जबकि दस्तार सिख धर्म का अभिन्न अंग है। दोनों की परस्पर तुलना नहीं हो सकती।

इसका सीधा अर्थ है कि हिजाब इस्लाम का हिस्सा नहीं और इसकी सिख धर्म के अनिवार्य अंग दस्तार से तुलना नहीं हो सकती। दस्तार एक फारसी शब्द है जिसका अर्थ है दस्त-ए-यार या भगवान के हाथ। सिख धर्म में दस्तार विश्वास की प्रतीक है जो समानता, सम्मान, साहस, आध्यात्मिकता और पवित्रता का प्रतिनिधित्व करती है। नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी को मुगल सम्राट औरंगजेब द्वारा शहीद किए जाने के बाद गुरु गोबिन्द सिंह जी ने खालसा की स्थापना की जिसमें सिखों को पांच ककार अर्थात कच्छा, केस, कड़ा, कंगा, किरपान धारण करने को कहा। इनमें से केसों की रक्षा करने को दस्तारबन्दी की जाने लगी। इससे पहले भी नौ गुरुओं ने दस्तार धारण की। दस्तार सिख धर्म का अभिन्न अंग है और इसीलिए इसकी बे-अदबी (अपमान) करने पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 295-ए के तहत धार्मिक भावनाओं का अपमान करने के आरोप में दण्ड दिया जाता है, जबकि बुर्के या हिजाब को लेकर देश के संविधान निर्माताओं ने ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की। इससे न केवल पन्थिक बल्कि संवैधानिक दृष्टि से भी स्पष्ट हो जाता है कि सिख धर्म से सम्बन्धित दस्तार और हिजाब को एक तुला में नहीं तोला जा सकता।

इसे भी पढ़ें: हिजाब की जिद महिलाओं से अधिक कट्टरवादी एवं राजनीतिक शक्तियों की साजिश

पंजाब का इतिहास साक्षी है कि जब-जब कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए पन्थिक मुद्दों का सहारा लिया तब-तब राज्य हिंसा की आग में झुलसा। कांग्रेस पर आरोप लगते रहे हैं कि पिछले साठ और सत्तर के दशक में उसने राज्य में अकालियों की शक्ति को कम करने के लिए आतंकवाद को प्रोत्साहन दिया, जिसका खामियाजा न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश को खालिस्तानी आतंकवाद व अलगाववाद के रूप में भुगतना पड़ा। दो-अढ़ाई दशकों तक चले आतंक के दौर ने 35 हजार से अधिक निर्दोषों की नरबलि ले ली और प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ा वो अलग। अपनी एतिहासिक गलती से सबक सीखने की बजाय आधी सदी बाद कांग्रेस फिर उसी राह पर चलती नजर आ रही है जो न केवल पंजाब बल्कि देश और खुद कांग्रेस के लिए भी खतरनाक है। मतों के लालच में देश की एकता-अखण्डता और साम्प्रदायिक सौहार्द से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।

- राकेश सैन

प्रमुख खबरें

BCCI का Mission 2027! Ajit Agarkar को मिली नई Team India को गढ़ने की बड़ी जिम्मेदारी

Neeraj Chopra, Sumit Antil का Mental Harassment का आरोप, द्रोणाचार्य अवार्डी Coach नवल सिंह बर्खास्त

Chelsea का संकट गहराया: लगातार चौथी हार के बाद Top 5 से बाहर होने का खतरा, Manchester United मजबूत

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI में बड़ी हलचल, भारतीय मूल के CTO ने छोड़ा अपना पद।