Congress नेता Ajay Rai की हालत स्थिर, अचानक हुए थे बेहोश Medanta Hospital के ICU में भर्ती

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 02, 2026

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय का यहां मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है जिन्हें कल अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती कराया गया था। अस्पताल के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राय शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया।

बुलेटिन में कहा गया है, ‘‘वर्तमान में, क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. दिलीप और उनकी टीम की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इलाज के दौरान, उनके सोडियम स्तर को नियंत्रित और स्थिर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी हालत में सुधार हो रहा है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है और वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में हैं।’’ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने शनिवार को कहा, “शरीर में सोडियम का स्तर कम होने के कारण अजय राय को शुक्रवार शाम लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह लखनऊ में अपने आवास पर बेहोश हो गए थे। पूरे दिन वह पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त रहे और हवाई अड्डे भी गए थे।”

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी अविनाश पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “अब उनकी (अजय राय की) हालत स्थिर है और मैं भी लखनऊ पहुंच रहा हूं।’’ वाराणसी में अजय राय की पत्नी रीना राय ने कहा, ‘‘बाबा विश्वनाथ की असीम कृपा और आशीर्वाद से उनकी (अजय राय की) तबीयत में काफी सुधार है एवं वह पहले से बहुत बेहतर हैं।’’ कांग्रेस की वाराणसी महानगर इकाई के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने दावा किया कि राय की तबीयत में सुधार है और आज शाम तक अपने गृह जिले वाराणसी आ सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ उत्तर प्रदेशकांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने के समाचार से चिंतित हूं। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। आशा है कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ हों और फिर से पूरी शक्ति के साथ जन सेवा में सक्रिय हों।’’

अविनाश पांडे ने शनिवार को ‘एक्स’ पर लिखा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के खराब स्वास्थ्य के बारे में खबर चिंताजनक है। मैं भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मेरी प्रार्थना है कि डॉक्टरों की देखरेख में वह जल्द ही ठीक हो जाएं और हम सभी के बीच सक्रिय रूप से लौट आएं। वाराणसी निवासी राय ने पिछले तीन आम चुनावों-2014, 2019 और 2024 में वाराणसी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत हासिल नहीं हुई।

प्रमुख खबरें

Sakshi Chaudhary ने पेरिस ओलंपिक पदक विजेता Villegas को 5-0 से हराकर किया उलटफेर

Ganesh Visarjan 2026: अनंत चतुर्दशी पर बप्पा का विसर्जन से पहले इस विधि से करें श्री गणेश की विदाई पूजा

Delhi Police Encounter: आस्था कुंज पार्क दुष्कर्म मामले में आसिफ अमर कॉलोनी से गिरफ्तार

New York Climate Week: बिगड़ती पृथ्वी की सेहत सुधारने पर वैश्विक वार्ता शुरू