By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि राज्य को भारी नुकसान पहुंचाने की आशंका वाले अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के मद्देनजर सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी व्यक्ति की जान न जाए। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात मंगलवार देर रात दो बजे से चार बजे के बीच तट से टकरा सकता है। नायडू ने उंडावल्ली स्थित अपने कैंप कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोगों की जान बचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे तक यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। आंध्र प्रदेश के ऊर्जा मंत्री गोत्तिपति रवि कुमार ने मंगलवार को चक्रवात ‘अर्नब’ के खतरे के मद्देनजर बिजली वितरण कंपनियों को हाई अलर्ट पर रहने और जन सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए करीब छह हजार कर्मियों को तैनात किया गया है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों, निदेशकों और ईस्टर्न पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (ईपीडीसीएल) के प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए विभाग की तैयारियों की समीक्षा की। कुमार ने कहा कि चक्रवात से तत्काल प्रभावित नहीं होने वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अवकाश संबंधी व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। उन्होंने बिजली वितरण कंपनियों के अध्यक्षों और प्रबंध निदेशकों को क्षेत्र का दौरा करने तथा स्थिति पर करीबी नजर रखने का निर्देश दिया।
मंत्री ने बताया कि निदेशक पहले से ही विशाखापत्तनम, अनकापल्ली, काकीनाडा और कोनसीमा जिलों में बिजली आपूर्ति संबंधी कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।