By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 26, 2019
नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के. के. तिवारी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को ‘‘दानव भूमि’’ में बदल रहे हैं और उनकी प्रशंसा करने वाले कांग्रेसी नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया जाना चाहिए। उनकी टिप्पणी ऐसे वक्त आयी है, जब जयराम रमेश, शशि थरूर और अभिषेक सिंघवी जैसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के कहा है कि मोदी को ‘‘खलनायक’’ की तरह पेश करना गलत है और इससे कांग्रेस को मदद नहीं मिलेगी। तिवारी ने एक साक्षात्कार में मोदी की प्रशंसा करने वाले कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधा और पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी से ऐसे नेताओं को बाहर करने का अनुरोध किया।
मोदी की प्रशंसा करने वाले कांग्रेसियों पर निशाना साधते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पर मुट्ठी भर कुलीन लोगों का कब्जा हो गया है, जिनमें से कई ने कभी चुनाव नहीं लड़ा है और राज्यसभा उनका पनाहगाह बन गया है। राजीव गांधी की कैबिनेट का हिस्सा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए जब वर्षों नहीं.. कुछ महीनों में मोदी के न्यू इंडिया में एक नया संविधान नागपुर में तैयार होगा और उसमें एक राष्ट्र, एक चुनाव और एक नेता का प्रावधान होगा। वह चीन के शी जिनपिंग का अनुकरण कर रहे हैं।