By अंकित सिंह | Jan 28, 2025
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा नेताओं के प्रयागराज में संगम में पवित्र स्नान करने के संबंध में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की निंदा की है और उन पर सनातन विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया है। सरमा ने यह भी सुझाव दिया कि खड़गे की टिप्पणियां कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विचारों को प्रतिबिंबित करती हैं। सरमा ने एक ट्वीट में कांग्रेस के भीतर हिंदू नेताओं से राजनीतिक विचारों से ऊपर उठने और अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि शायद वे यह भूल गए हैं कि 2001 में सोनिया गांधी जी ने भी कुंभ में डुबकी लगाई थी। क्या ये लोग कभी यह कहने की हिम्मत कर पाएंगे कि हज करने से जन कल्याण नहीं होगा? कांग्रेस में जो भी हिंदू हैं, उनसे मेरा आग्रह है कि किसी के भी द्वारा इस प्रकार राजनीतिक रोटियां न सिकनें दें। आप अपनी अंतरात्मा से पूछें- क्या सनातन धर्म का ऐसा अपमान सहन करना उचित है? कोई भी पार्टी देश और धर्म से ऊपर नहीं हो सकती।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को पूछा कि क्या गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी समाप्त हो जाएगी? उन्होंने कटाक्ष किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं में कैमरे के समक्ष डुबकी लगाने की होड़ मची है। उन्होंने यह भी दावा किया कि शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई पाप किए हैं, इसलिये वे सौ जन्मों में भी स्वर्ग नहीं जा सकेंगे। भाजपा ने पवित्र डुबकी पर टिप्पणी के लिए राज्यसभा में विपक्ष के नेता पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया। भाजपा ने यह भी मांग की कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी खरगे की टिप्पणी के लिए हर सनातनी से माफी मांगें।