By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 14, 2023
विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने बुधवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उनके मंत्रिमंडल सहयोगी का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में अभिनंदन करने से इनकार कर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। सुबह विधानसभा पहुंचने पर राष्ट्रपति का सदन के मंच पर मुख्यमंत्री पटेल और चौधरी ने स्वागत किया।
इसके बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा को मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने के लिए मंच पर आने का अनुरोध किया गया। हालांकि, चावड़ा अपनी सीट से नहीं उठे और सिर हिलाकर मंच पर नहीं आने का इशारा किया। कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ विधायक शैलेश परमार ने भी गुजरात के संसदीय और विधायी मामलों के मंत्री रुशिकेश पटेल का अभिनंदन करने से इनकार कर दिया।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए चावड़ा ने कहा कि उन्होंने गांधीनगर जिले में कलोल तालुका पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव से पहले पुलिस द्वारा तीन कांग्रेस सदस्यों के कथित ‘‘अपहरण’’ के विरोध में दोनों भाजपा नेताओं का अभिनंदन करने से इनकार कर दिया।