By अभिनय आकाश | Jan 12, 2021
कृषि कानूनों के अमल पर फिलहाल रोक लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने किसानों के मुद्दे के समाधान निकालने के लिए चार सदस्यों की कमेटी गठित करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कमेटी के सदस्य के तौर पर चार लोगों को शामिल किया है। ये भारतीय किसान यूनियन नेता भूपिंदर सिंह मान, महाराष्ट्र के शेतकरी संगठन के अनिल घनवटे, कृषि विशेषज्ञ अशोक गुलाटी और खाद्य नीति विशेषज्ञ प्रमोद जोशी हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने कमेटी में शामिल सदस्यों पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आज किसानों से बातचीत के लिए 4 सदस्यों की कमेटी बनाई है। कमेटी में शामिल 4 लोगों ने सार्वजनिक तौर पर पहले से ही निर्णय कर रखा है कि ये काले क़ानून सही हैं और कह दिया है कि किसान भटके हुए हैं। ऐसी कमेटी किसानों के साथ न्याय कैसे करेगी?