कांग्रेस और क्षेत्रीय पार्टियों ने लोगों की भावनाओं के साथ किया खिलवाड़: आदित्यनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 07, 2019

हैदराबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों पर हमला बोला और आरोप लगाया कि उन्होंने विकास बाधित किया और लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। आदित्यनाथ ने कहा कि इन पार्टियों ने वंशवादी और पारिवारिक राजनीति को ‘बढ़ावा’ दिया और आम लोगों के जीवन को मुश्किल बनाया। आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में आंध्र प्रदेश में या तो कांग्रेस या क्षेत्रीय दल सत्ता में रहे हैं। उन्होंने लोगों से विकास के नाम पर धोखा किया है। उन्होंने यहां वंशवादी और पारिवारिक राजनीति को बढ़ावा दिया और विकास प्रक्रिया को बाधित किया।

इसे भी पढ़ें: मुस्लिम लीग के साथ कांग्रेस का गठबंधन अपवित्र: योगी आदित्यनाथ

उन्होंने कहा कि इन सभी ने बड़े और आकर्षक वादे करके लोगों की भावनाओं से खेला है। उन्होंने कहा कि यह लंबे समय नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी और अपने प्रतिद्वंद्वियों का विकास विरोधी चेहरा और उनके द्वारा की जा रही तुष्टिकरण की राजनीति को उजागर करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा दोनों राज्यों में अच्छी संख्या में सीटें जीतेगी। यह पूछे जाने पर कि तेदेपा प्रमुख एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू राजग से क्यों अलग हुए और क्या इससे दक्षिण भारत में भाजपा पर असर होगा जहां पार्टी अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रही है, आदित्यनाथ ने कहा कि यह अवसरवाद की राजनीति है। राजग में उनका सम्मान किया गया। भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी करते हुए चंद्रबाबू नायडू को सम्मान दिया था।

उन्होंने कहा कि राजग से उनके अलग होने से भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भाजपा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी और इन राज्यों में अच्छी संख्या में सीटें जीतेगी। आदित्यनाथ ने कहा कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भाजपा अच्छी संख्या में सीटें जीतेगी। मुख्यमंत्री ने ओवैसी भाइयों (एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और अकबरुद्दीन ओवैसी) पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि उनके द्वारा दिए गए नकारात्मक बयान हैदराबाद और तेलंगाना के लोगों का अपमान है।

इसे भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ का विवादित ट्वीट, मुस्लिम लीग को बताया वायरस

उन्होंने कहा कि हम विकास और सुरक्षा की बात करते हैं। हैदराबाद के ओवैसी बंधुओं द्वारा की गई नकारात्मक राजनीति और बयानबाजी न केवल तेलंगाना और हैदराबाद के लोगों के लिए अपमानजनक है बल्कि यह देश की मूल भावनाओं का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि उनके द्वारा की जा रही नकारात्मक राजनीति के लिए भारतीय लोकतंत्र में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र परंपरागत रूप से एआईएमआईएम का गढ़ है। असदुद्दीन ओवैसी यहां से 2004 से जीत रहे हैं। इसमें सात विधानसभा क्षेत्र हैं और इनमें से छह पर 2018 तेलंगाना विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने जीत दर्ज की थी। 

प्रमुख खबरें

IRFC में सरकार के Offer For Sale से मचा हड़कंप, Infosys की AI डील ने निवेशकों को बनाया मालामाल।

White House में India के Tariff पर मचा था बवाल, Donald Trump ने अधिकारियों को सरेआम किया खारिज

America से तनाव के बीच Kim Jong Un का बड़ा दांव, North Korea अब समुद्र में बढ़ाएगा परमाणु ताकत

France में Heatwave का जानलेवा कहर, 40 लोगों की मौत, Eiffel Tower भी समय से पहले बंद