महाराष्ट्र: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, पूर्व CM राव के बेटे को भी मिला टिकट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 30, 2019

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 51 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को भोकर सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी ने 2014 के विधानसभा चुनावों में जीती गई 42 सीटोंमें से 23 पर मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में (प्रत्याशियों के) नामों को मंजूरी दिये जाने के बाद उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। अशोक चव्हाण की पत्नी अमिता शर्मा चव्हाण भोकर से मौजूदा विधायक हैं। उन्होंने 2014 में चव्हाण के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद अपना पहला चुनाव लड़ा था।

राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की प्रथम सूची के मुताबिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजय बालासाहेब थोराट को संगमनेर से उम्मीदवार बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे अमित को लातूर (शहर) सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी प्रणिती सोलापुर शहर (मध्य) सीट से चुनाव लड़ेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन राउत को नागपुर उत्तर (सुरक्षित) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पहली सूची में मुंबई की नौ सीटें भी शामिल हैं। कांग्रेस ने अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अशोक उर्फ जगताप को मुंबई में कोलाबा सीट से टिकट दिया है। इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व राज्य विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक एवं छह बार के विधायक राज के. पुरोहित कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: बिहार में गठबंधन में उपचुनाव लड़ेगी कांग्रेस, समस्तीपुर और किशनगंज से उम्मीदवार घोषित किए

कांग्रेस की नयी पीढ़ी के नेताओं को भी इस सूची में जगह मिली है। मौजूदा एमएलसी सतेज पतलीम के भतीजे रितुराज संजय पाटिल को कोल्हापुर दक्षिण सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजीराव पाटिल नीलांगेकर के बेटे अशोक पाटिल नीलांगेकर को लातूर जिला स्थित नीलंगा सीट से टिकट दिया है। इस सीट का प्रतिनिधित्व अभी अशोक के भतीजे एवं राज्य के श्रम मंत्री संभाजी पाटिल नीलंगेकर कर रहे हैं। नागपुर में 12 और विदर्भ क्षेत्र में 62 विधानसभा सीटें हैं। नागपुर जिले में कांग्रेस के एकमात्र मौजूदा विधायक सुनील केदार (सावनेर) को भी इस सूची में जगह मिली है। पार्टी ने विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार को ब्रह्मपुरी सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से वह अभी विधायक हैं। राज्य में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। 

प्रमुख खबरें

Apple में Tim Cook युग का अंत, जानिए कौन हैं नए CEO John Ternus जो संभालेंगे कमान।

Laureus Awards: Madrid में Carlos Alcaraz का बड़ा सम्मान, बने Sportsman of the Year

Hansi Flick के आते ही Barcelona में बड़े बदलाव की आहट, नई Team बनाने का प्लान हुआ तैयार

Priyansh Arya की तूफानी Batting ने जीता दिल, दिग्गज Ashwin ने भी बांधे तारीफों के पुल